तेज बारिश से स्कूल की बाउंड्रीवाल ढही, एक बच्चे की मौत, एक लापता
इलाहाबाद। इलाहाबाद में बुधवार शाम मानसून की पहली बारिश ही आफत बनकर आई. बारिश के दौरान ओमगायत्री नगर स्थित एक स्कूल के भीतर भरा पानी बाउंड्रीवाल तोड़कर अपने साथ चार बच्चों को बहा ले गया. जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा लापता है. दो बच्चे घटना स्थल से दूर घायल अवस्था में मिला, जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है. स्थानीय लोगों के साथ पुलिस लापता बच्चे की तलाश में देर-रात तक जुटी रही. गुरुवार सुबह खबर लिखे जाने तक बच्चा बरामद नहीं हुआ है.
मानसून की बारिश सलोरी के ओमगायत्री नगर में भारी तबाही लेकर आई. शाम को लगभग सात बजे विकास विद्यालय हरिजन आश्रम के पीछे करीब आठ फीट ऊंचाई तक भरा पानी दीवार तोड़कर मोहल्ले के भीतर घुस गया. चंद सेंकेड के भीतर पानी के तेज बहाव ने सामने बने घर का अगला हिस्सा पूरी तरह जमींदोज कर दिया.
उस समय इसी मोहल्ले के अनिकेत (12), आदित्य (13), दीपक वर्मा (12) एवं शिखर (13) वहां बारिश में खेल रहे थे. अचानक पानी का तेज बहाव आने से यह बच्चे भी उसमें बह गए. बच्चों के पानी में बहते ही लोगों ने शोर मचाया. उसके बाद तलाश शुरू हुई, तब अनिकेत करीब 60 मीटर दूर पूर्वी दिशा की गली के आखिरी मकान के नाले के पास मृत मिला, जबकि आदित्य एवं दीपक सुरक्षित मिल गए. शिखर का कोई अता-पता नहीं चला.
पुलिस के मुताबिक शिखर की तलाश की जा रही है. दोनों घायल बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं. घटना के बाद से ही लोगों में आक्रोश है. उनका आरोप है कि स्कूल की दीवार पहले भी गिर चुकी है, लेकिन प्रशासन और स्कूल प्रबंधन ने इस बारे में कोई सुध नहीं ली. इस बीच शिखर के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इस बीच मौसम विभाग द्वारा जारी की गई भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी ने गुरुवार को इंटर तक के सभी स्कूलों को बंद करने का निर्देश जारी किया है.


