लोक आस्था का महापर्व आठ नवंबर को नहाय खाय विधान के साथ शुरू

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । लोक आस्था का महापर्व आठ नवंबर को नहाय खाय विधान के साथ शुरू होगा। नौ नवंबर को खरना और 10 को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। 11 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। पर्व को लेकर घर से लेकर घाट तक तैयारी शुरू हो गई है। बाजार में लोग महिलाएं पूजन सामग्री की खरीदारी करने लगी हैं। शहर में वाराणसी और पटना से कई तरह के ऋतु फल थोक में मंगाए गए हैं। सोमवार को घरों में शुद्धता के साथ छठ मइया का प्रसाद बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। घाटों पर पूजन से पूर्व वेदी बनाकर लोग पूजन स्थल को निर्धारित करेंगे। संगम नोज पर छठ पूजा समिति की ओर से सोमवार को कार्यालय का उद्घाटन होगा। सूर्यदेव की प्रतिमा स्थापित कर पूजन-अर्चन किया जाएगा। समिति की ओर से पूजन के लिए घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को जागरूक किया जाएगा।




