5 लाख रिक्त पदों को तत्काल विज्ञापित कराने के मुद्दे पर युवाओं ने किया जबरदस्त प्रदर्शन

रिक्त पदों को विज्ञापित न करने पर 30 नवंबर को प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। प्रदेश में 5 लाख से ज्यादा रिक्त पदों को तत्काल विज्ञापित करने, सभी लंबित भर्तियों को हरहाल में चुनाव तक पूरा करने व हर युवा को गरिमापूर्ण रोजगार की गारंटी के मुद्दे पर बालसन चौराहे पर युवाओं ने प्रदर्शन कर आवाज बुलंद की और योगी सरकार को अल्टीमेटम दिया कि अगर एक एक सप्ताह में सभी रिक्त पदों को विज्ञापित नहीं किया तो 30 नवंबर को बालसन चौराहे से प्रदेशव्यापी आंदोलन का आगाज होगा। घंटों प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से 5 लाख रिक्त पदों को तत्काल विज्ञापित करने की मांग की गई। खासतौर पर 27 हजार टीजीटी पीजीटी, 12 हजार एलटी, 97 हजार प्राथमिक शिक्षक भर्ती, 52 हजार पुलिस भर्ती के प्रस्तावित विज्ञापनों का तत्काल नोटिफिकेशन जारी करने, जेई 2016, 2018, सहायक सांख्यिकी अधिकारी आदि तमाम लंबित परीक्षाओं को आयोजित कराने, अधीनस्थ सेवा आयोग को प्राप्त 50 हजार पदों को एक साथ विज्ञापित करने, जूनियर हाईस्कूलों में बीपीएड शिक्षकों के 48 हजार से ज्यादा रिक्त पदों पर नियमित भर्ती, तकनीकी संवर्ग के तकनीशियन, जेई, एई व शिक्षकों के सभी रिक्त पदों को विज्ञापित करने व यूपीपीसीएल के तकनीशियन के 4102 पदों को बहाल करने, अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षक पदों का सृजन, कोरोना प्रभावित छात्रों को 2 साल की उम्र सीमा में छूट देने आदि मुद्दे शामिल रहे। इसके अलावा प्रशासन के माध्यम से रेल मंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर रेलवे ग्रुप डी की परीक्षा आयोजित कराने व एनटीपीसी सीबीटी -1 का रिजल्ट घोषित करने की भी मांग की गई। प्रशासन से 26 नवंबर को शहर आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता कराने की भी मांग की गई। लेकिन प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री से किसी तरह की वार्ता हेतु आश्वासन न देने से युवाओं ने प्रशासन से नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि यह रवैया शासन प्रशासन द्वारा रोजगार के मुद्दे को लेकर संवेदनहीनता को प्रदर्शित करता है।



