Latest

भाजपा महासचिव व सांसद दिलीप सैकिया ने शंकराचार्य अधोक्षजानंद से चातुर्मास का लिया आशीर्वाद

गोवर्धन स्थित शंकराचार्य आश्रम में चल रहा देवतीर्थ का चातुर्मास व्रत अनुष्ठान

अरुणाचल प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष भी पहुंचे, आद्य शंकराचार्य भगवान की पादुका का किया पूजन

( अनुराग शुक्ला )
गोवर्धन (अनुराग दर्शन समाचार)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद दिलीप सैकिया आज सपरिवार गोवर्धन स्थित शंकराचार्य आश्रम पहुंचे और गोवर्धन पुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ से चातुर्मास व्रत का आशीर्वाद लिया।शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ ने गोवर्धन स्थित आश्रम में देवशयनी एकादशी से चातुर्मास व्रत का अनुष्ठान प्रारम्भ किया है।
सांसद दिलीप सैकिया के साथ उनके परिवार के सदस्यों के अलावा अरुणाचल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक बीआर बागे और अरुणाचल बायोडाइवर्सिटी बोर्ड के चेयरमैन तायेक गोई तथा भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष विनय कुमार गुप्ता भी थे।दिलीप सैकिया ने आश्रम में आद्य शंकराचार्य भगवान के चित्र पर माल्यार्पण कर उनकी पादुका का पूजन किया। इसके बाद उन्होंने असमिया गमछा और मां कामख्या का स्मृति चिन्ह देकर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी देवतीर्थ का अभिवादन कर उनसे सपरिवार आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं अरुणाचल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने जगद्गुरु को अपने प्रदेश का प्रसिद्ध दाब धारदार औजार भेंट किया। इस मौके पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के कई अधिकारी भी आश्रम में मौजूद रहे। इसके बाद सभी गोवर्धन तलहटी में वंदरों और गायों को चना गुड खिलाया। गौरतलब है कि कोरोना काल में शंकराचार्य आश्रम द्वारा आभा बागरोदिया चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में पिछले वर्ष से ही लगातार बेजुबान जानवरों और वंदरों के खाने की व्यवस्था अनवरत चल रही है।इस अवसर पर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देव तीर्थ ने कहा कि आश्रम में उनका चातुर्मास व्रत अनुष्ठान प्रारम्भ हो गया है। गुरु पूर्णिमा के दिन बड़ा कार्यक्रम होता है, लेकिन, कोरोना संक्रमण के चलते इस बार का कार्यक्रम संक्षिप्त होगा। उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा पर गोवर्धन में राजकीय मेला लगता है लेकिन कोरोना के चलते इस बार यह आयोजन नहीं हो पायेगा। शंकराचार्य ने श्रद्धालुओं से कहा है कि सभी लोग अपने घरों में ही गुरु पूर्णिमा का आयोजन करें और गोवर्धन आने से परहेज करें। जिन लोगों का आना आवश्यक हो वे कोरोना प्रोटोकाल के तहत ही अनुष्ठान में भागीदारी करें।

Related Articles

Back to top button