विधायक विजय मिश्र की सम्पत्तियों पर ईडी की नजर

विजिलेंस कर रही आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच
( अनंत पांडेय )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र और उनकी पत्नी रामलली मिश्रा की अवैध संपत्तियों पर प्रवर्तन निदेशालय की नजर है। अवैध गतिविधियों से अर्जित की गई इन संपत्तियों पर ईडी कार्रवाई कर सकती है। इससे पूर्व विजिलेंस ने इस दंपती के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मुकदमा हंडिया थाने में दर्ज कराया था। इस मुकदमे की जांच भी विजिलेंस कर रही है। विजय मिश्र के खिलाफ प्रयागराज पुलिस और प्रशासनिक टीम भी कार्रवाई कर रही है। जिसके तहत प्रयागराज विकास प्राधिकरण विजय मिश्र की इमारतों को जमीदोंज कर चुका है।
उत्तर प्रदेश अधिष्ठान के इंस्पेक्टर ओम प्रकाश सिंह ने 17 जनवरी 2021 को हंडिया थाने में विधायक विजय मिश्र और उनकी पत्नी रामलली के खिलाफ आय से अधिक मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। एफआईआर के मुताबिक चार अक्टूबर 2019 को विजिलेंस से ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्र और उनकी एमएलसी पत्नी रामलली मिश्रा के खिलाफ लोक सेवक पद पर रहते हुए अवैध रूप से नामी बेनामी, चल और अचल संपत्तियां अर्जित करने के संबंध में शिकायत की गई थी।
विजिलेंस की जांच में खुलासा हुआ कि निर्धारित अवधि में दो करोड़ 32 लाख 33 हजार 593 रुपये आय अर्जित की गई लेकिन इस दौरान दोनों ने 23 करोड़ 81 लाख 98 हजार 248 रुपये व्यय किया। इस आधार पर आय से 21 करोड़, 49 लाख 45 हजार 993 रुपये अधिक पाया गया। इसकी सूचना शासन को दी गई। शासन से अनुमति मिलने के बाद विजिलेंस ने करोड़ों रुपये अवैध तरीके से अर्जित करने के आरोप में विजय मिश्र और उनकी पत्नी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियत के तहत कार्रवाई की थी। इसी आधार पर अब ईडी भी जानकारी एकत्र कर रही है।

