मानदेय बढ़ाने की माँग को लेकर आँगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने किया कार्य बहिष्कार

अनिश्चित कालीन आन्दोलन शुरू
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। आज मानदेय बढ़ाने की माँग को लेकर आँगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने सरकारी कार्य बहिष्कार कर गुरुवार 2 दिसम्बर को प्रान्तीय आवाह्न पर पत्थर गिरजाघर सिविल लाइन्स में धरना देकर ₹18000 करने की माँग एवं जल्द माँग पूरी ना होने पर आन्दोलन को तेज करने की चेतावनी दी। मंडल संरक्षक संतोष मिश्रा व प्रदेश प्रभारी श्याम सूरत पाण्डेय ने कहा कि आँगनबाड़ी कार्यकत्री सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए पूरी तत्परता से कार्य करती हैं, सरकार के 2 दर्जन से ज्यादा काम आँगनबाड़ी हाड़ तोड़ काम कर रही हैं। इसके बावजूद भी लम्बे समय से मानदेय बढ़ाने की माँग को सरकार अनदेखी कर रही है। अल्प मानदेय के चलते आँगनबाड़ी को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमन्त्री और बाल विकास मन्त्री के साथ वार्ता के बावजूद भी आँगनबाड़ी के हक में निर्णय नहीं लिया गया। जिला अध्यक्ष सुशीला देवी व जिला संरक्षक मौजी लाल रावत ने कहा की मानदेय बढ़ाने को लेकर सरकार जब तक गंभीर नहीं होगी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का आंदोलन अनिश्चितकालीन जारी रहेगा। मंडल संरक्षक संतोष मिश्रा ने सभी आंगनबाड़ियों से अपील किया कि अपनी सहायिकाओं के साथ शुक्रवार को कचहरी के पीछे पी0डब्ल्यू0डी इन्जीनियर हॉल में एकत्र हों। इस मौके पर कंचन देवी, बबीता देवी, राम सँवारी, कविता पटेल, सीमा श्रीवास्तव, शशिकला, चन्दा देवी, सुन्दरी, आस्था श्रीवास्तव, किरण मिश्रा सहित सैकड़ों आँगनबाड़ी कार्यकत्री उपस्थित रहीं।




