डा. प्रवीण तोगड़िया बड़े हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजन और दर्शन किया

भाजपा सदन में कानून बनाकर काशी और मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण करे- डा. प्रवीण तोगड़िया
( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। आज श्रीराम मंदिर आंदाेलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले व विश्व हिंदू परिषद से अलग होकर संगठित और सशक्त राष्ट्र के लिए कार्य कर रहे अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक व अध्यक्ष डा. प्रवीण तोगड़िया दो दिन के प्रयागराज प्रवास पर हैं। शनिवार को उन्होंने बंधवा वाले बड़े हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजन और दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने श्रीबाघम्बरी पीठाधीश्वर महंत बलवीर गिरि से भी आशीर्वाद लिया। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रहे महंत नरेंद्र गिरि की मृत्यु पर भी शोक जताया।
*हिंदुओं को घर मिले तो ही राम राज्य आएगा : तोगड़िया*
प्रयागराज आगमन पर प्रवीण तोगडि़या ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर बन रहा है, यह खुशी की बात है। देश में राम राज्य लाना अभी बाकी है। यह तभी संभव होगा जब एक करोड़ से अधिक बेघर हिंदुओं को घर मिलेगा। उनके जीवन स्तर को भी सुधारना होगा। बेरोजगारों को रोजगार दिलाना होगा। प्रत्येक किसान को उनकी फसल की कीमत भी दिलानी होगी। बोले, भाजपा सदन में कानून बनाकर काशी और मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण करे। उप मुख्यमंत्री केशव के ट्वीट अयोध्या, काशी भव्य निर्माण जारी है, मथुरा की तैयारी है पर टिप्पणी करते हुए डा. तोगड़िया ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों के लिए संकल्प नहीं होता। उन्हें मजबूत इच्छा शक्ति के साथ कार्य करना चाहिए। संकल्प सत्ता से दूर बैठा व्यक्त ले तो बात समझ में आती है। भाजपा को चाहिए कि सदन में कानून बनाकर काशी और मथुरा में भव्य मंदिर का निर्माण करें। प्रत्येक सत्ताधारी दल को बताना होगा कि युवाओं को रोजगार दिलाने, सस्ती शिक्षा, आरोग्य जीवन व खुशहाल किसान के लिए क्या रोड मैप है। इन्हीं समस्याओं के समाधान से देश में रामराज्य आएगा।संगमनगरी आगमन के प्रयोजन के सवाल पर डा. तोगड़िया ने कहा कोरोना के चलते दो वर्षों से सभी गतिविधियां बंद थीं। अब कार्यकर्ताओं की कुशल जानने निकले हैं। संगठन ने अखंड भारत के साथ वीर हिंदू, विजेता हिंदू का संकल्प लिया है। इस अभियान को पूरा करने के लिए मैं व्यायाम करूंगा कार्यक्रम चलाया जा रहा है। त्रिशूल धारण और 20 हजार स्थानीय परिवारों में राष्ट्र पूजन भी किया जाएगा। युवाओं को अधिक से अधिक सेना में शामिल होने का भी आह्वान किया जा रहा है। त्रिशूल धारण अभियान 14 अगस्त से शुरू हुआ है। 19 दिसंबर को रायपुर में बड़े स्तर पर आयाेजन होने जा रहा है। इसमें पांच हजार युवा त्रिशूल धारण करेंगे।



