यूपी बोर्ड: इंटर के 70 प्रतिशत कोर्स की परीक्षा डेढ़ घंटे में होगी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। सरकार ने इंटर के 26 लाख से अधिक छात्र छात्राओं की परीक्षा जुलाई के दूसरे सप्ताह से कराने का निर्णय लिया है।
इसके लिए पैटर्न भी बदला जाएगा। बोर्ड ने पिछले साल पाठ्यक्रम 30 प्रतिशत कम कर दिया था। बचे हुए 70 फीसदी कोर्स की परीक्षा महज डेढ़ घंटे में कराई जाएगी।
प्रायोगिक परीक्षाएं दूसरी लहर आने के पहले ही हो चुकी है। इस बार बच्चों के पास प्रश्नों के अधिक विकल्प होंगे।
उदाहरण के तौर पर पहले 10 में से पांच प्रश्न हल करना होता था तो इस साल तीन प्रश्न ही करना होगा। हालांकि कुछ लोग इस निर्णय के पक्ष में नहीं थे।
उनका तर्क है कि जब बच्चे परीक्षा केंद्र तक जाएंगे ही तो डेढ़ घंटे की परीक्षा कराने का क्या औचित्य है।
बोर्ड ने पहले ही पाठ्यक्रम घटा दिया है। ऐसे में प्रश्नों की संख्या घटाने से बच्चे का मूल्यांकन सही से नहीं हो सकेगा। वैसे इंटर की परीक्षा का प्रारूप तय करने के लिए बोर्ड के पास अभी पर्याप्त समय है।
*सितंबर मध्य तक दे सकेंगे परिणाम*
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इंटर का परिणाम सितंबर मध्य से पहले आने की संभावना नहीं है। जुलाई के दूसरे सप्ताह में परीक्षा शुरू होने के बाद 15 कार्यदिवस में पूरी होगी। साफ है कि जुलाई परीक्षा कराने में ही निकल जाएगा।
उसके बाद 15 दिन कॉपियों के मूल्यांकन में लगता है। उसके बाद कम से कम एक महीने परिणाम तैयार करने में लगेंगे। ऐसे में सितंबर दूसरे सप्ताह से पहले इंटर का रिजल्ट आना मुश्किल है।




