
इलाहाबाद। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह सुझाव दिया था. गवर्नर की हामी मिलने के बाद उन्होंने चिट्ठी लिखी है. तो क्या 2019 का कुंभ इलाहाबाद नहीं प्रयागराज की धरती पर होगा? योगी सरकार की कवायद तो कमोबेश इसी तरफ इशारा कर रही है. दरअसल उत्तर प्रदेश में नाम की सियासत हमेशा से ही अपनी अलग जगह रखती है. पिछले दिनों मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन कर दिया गया. अब इसी क्रम में इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज करने की कवायद शुरू हो गई है. सीएम योगी आदित्यनाथ से संतों ने मुलाकात कर प्रयाग किए जाने की मांग उठाई, जिसमें सीएम योगी ने संतों को आश्वासन दिया. अब पता चला है कि कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने इलाहाबाद का नाम प्रयाग करने के लिए राज्यपाल को चिट्ठी लिखी है.
सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पहले ही इसका सुझाव दिया था. गवर्नर की हामी मिलने के बाद उन्होंने चिट्ठी लिखी है. उधर इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयाग करने की मांग को लेकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के संतों ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. इस दौरान अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष, महामंत्री समेत संतों ने इलाहाबाद का नाम प्रयाग करने की मांग रखी.
अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेन्द्र गिरी के साथ संतों ने सीएम से पुराणों में लिखे प्रयाग नाम के महत्व पर चर्चा की. संतों के मुताबिक इलाहाबाद का नाम प्राचीनकाल से ही प्रयागराज था. पुराणों औऱ धार्मिक ग्रंथों में भी तीर्थराज प्रयाग का जिक्र मिलता है. मुगलकाल के दौरान प्रयाग का सदियों पुराना नाम बदलकर इलाहाबाद कर दिया गया. इसके साथ ही मुगलों ने जिले के कई मोहल्लों का नाम भी बदल दिया था. उसी दौरान ऋषि भारद्वाज के आश्रम के पास के स्थित मोहल्ले का नाम बदलकर अल्लापुर कर दिया गया था.
मंगलवार को सीएम योगी से लखनऊ में मुलाकात के दौरान महंत नरेन्द्र गिरी ने अल्लापुर मोहल्ले का नाम भी बदलकर भारद्वाज पुरम करने की भी मांग की. महंत नरेन्द्र गिरी ने बताया कि सीएम योगी ने संतों से मुलाकात के दौरान इलाहाबाद का नाम प्रयाग किये जाने का आश्वासन दिया है. साथ ही अल्लापुर का नाम भी बदले जाने की मांग पर भी सकारात्मक रुख दिखाया है.
उन्होंने बताया कि सीएम से मुलाकात के दौरान संतों ने कुंभ मेले की तैयारियों पर चर्चा पर भी चर्चा की. इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुंभ मेले के कामों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने का भरोसा दिया है.



