सुविधा पर्ची को लेकर संत हो रहे परेशान देर शाम खुला काउंटर

सुविधा पर्ची का टेंडर करना भूल गए मेला अधिकारी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। मेला प्राधिकरण की लापरवाही से शुक्रवार को सुविधा पर्ची का वितरण शुरू नहीं हो सका। मेला प्राधिकरण कार्यालय में सुविधा पर्ची काउंटर ही शाम तक नहीं बन पाया था। मालूम चला कि इसके लिए टेंडर करना अफसर भूल गए थे। गुरुवार शाम टेंडर करने के बाद यहां के लिए काम शुरू हुआ। मेला प्राधिकरण ने 22 दिसंबर से जमीन आवंटन शुरू किया। जिन संस्थाओं को जमीन देनी थी, उन्हें सुविधा पर्ची देने के लिए दो दिन बाद का समय दिया गया था। 24 दिसंबर से सुविधा पर्ची बांटी जानी थी। दंडी संन्यासी ब्रह्माश्रम की संस्था को जमीन 22 दिसंबर को मिल गई, लेकिन वह सुविधा पर्ची लेने के लिए पहुंचे तो कोई नहीं मिला। नाराज संत ने मेलाधिकारी शेष मणि पांडेय से मुलाकात की और पूछा कि आखिर सुविधा पर्ची का आवंटन कब किया जाएगा। अफसरों ने बताया कि शाम तक व्यवस्था शुरू होने की उम्मीद है। शाम पांच बजे तक दफ्तर चालू नहीं हो सका था।


