दरोगा भर्ती धांधली मामले ने तूल पकड़ा

सीबीआई जांच की मांग कल बालसन पर प्रदर्शन का ऐलान
दरोगा भर्ती समेत भर्तियों में धांधली बनेगा चुनावीं मुद्दा-युवा मंच
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। नये साल के जश्न के बीच दरोगा भर्ती के अभ्यर्थी आंदोलन की रणनीति तैयार में मशगूल रहे। जनसंपर्क से लेकर सोशल मीडिया तक अपील कर कल बालसन चौराहे पर युवा मंच के बैनर तले धरना प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की गई। युवाओं ने ऐलान किया कि अगर दरोगा भर्ती आनलाईन परीक्षा-2021 में हुई अभूतपूर्व धांधली मामले की सीबीआई जांच , जांच में धांधली के आरोपों की पुष्टि होने पर पुनर्परीक्षा और भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों समेत लोगों को सजा दिलाने के लिए अब निर्णायक संघर्ष होगा। इस अभियान का नेतृत्व कर रहे युवा मंच अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि रोजगार आंदोलन और 28 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित युवा पंचायत में भी दरोगा भर्ती समेत चयन प्रक्रिया में धांधली के मुद्दे को मजबूती से उठाया गया है और लखनऊ युवा पंचायत में प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्रक में भी दरोगा भर्ती परीक्षा में धांधली की सीबीआई जांच की मांग उठाई गई। उन्होंने कहा कि अगर तत्काल उत्तर प्रदेश सरकार ने दरोगा भर्ती परीक्षा की सीबीआई जांच करा कर दोषियों पर कठोर कानूनी कार्यवाही नहीं की और धांधली की पुष्टि होने पर पुनर्परीक्षा आयोजित नहीं कराई गई तो दरोगा भर्ती समेत चयन प्रक्रिया में धांधली, भाई भतीजावाद को चुनावीं मुद्दा बनाया जायेगा और प्रस्तावित भाजपा हराओ अभियान में भी इसे मजबूती से उठाया जायेगा। अल्लापुर, सलोरी आदि डेलीगेसियों में जनसंपर्क के दौरान विजय पाण्डेय, राहुल सिंह,ओम प्रकाश सिंह, बादल ओझा, विपिन चौधरी, रत्नेश आदि मौजूद रहे।

