Latest

सोमवार से इलाहाबाद हाईकोर्ट और इसके लखनऊ खंडपीठ में केसों की ऑनलाइन (वर्चुअल) होगी सुनवाई

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। प्रयागराज और लखनऊ में कोरोना के बढ़ते केसों का असर इलाहाबाद हाईकोर्ट पर भी पड़ा है। सोमवार से इलाहाबाद हाईकोर्ट और इसके लखनऊ खंडपीठ में केसों की ऑनलाइन (वर्चुअल) सुनवाई होगी। 3 जनवरी से फिलहाल फिजिकल सुनवाई पर रोक लगा दी गई है। यह फैसला इलाहाबाद हाईकोर्ट की प्रशासनिक कमेटी ने रविवार देर शाम लिया।उधर, सुप्रीम कोर्ट ने भी 3 जनवरी से अगले दो सप्ताह के लिए ऑनलाइन सुनवाई करने का निर्णय लिया है। सुप्रीम कोर्ट ने रविवार को इससे जुड़ा सर्कुलर जारी किया।इलाहाबाद हाईकोर्ट के महाधिवक्ता कार्यालय ने सभी सरकारी वकीलों को सुबह 9.30 बजे मुख्य स्थाई अधिवक्ता कार्यालय में आने का अनुरोध किया है। ताकि वे सोमवार से ऑनलाइन बहस के लिए तैयार हो सके। हाईकोर्ट प्रशासनिक कमेटी के सीनियर जजों ने यह फैसला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से बातचीत के बाद लिया। चीफ जस्टिस राजेश बिंदल की अगुवाई में प्रशासनिक कमेटी के इस फैसले को बार एसोसिएशन को अवगत करा दिया गया है।बार एसोसिएशन ने कहा है कि नेटवर्क या किसी कारण से वकील बहस में कनेक्ट नहीं हो पाता है, तो उन केसों में कोई खिलाफ आदेश पारित न हो। प्रशासनिक कमेटी से यह भी अनुरोध किया गया है कि वकीलों को उनके चैंबरों तक जाने की छूट दी जाए। जिन मुकदमों की सुनवाई न हो सके, उनको अगले दिन रखा जाए। जजों की कमेटी ने वकीलों को उनके चैंबरों तक जाने के लिए बार एसोसिएशन के अनुरोध पर विचार करने का आश्वासन दिया है।इसके पहले भी कोरोना के पहली और दूसरी लहर के दौरान इलाहाबाद हाईकोर्ट और लखनऊ बेंच में मुकदमों की सुनवाई वर्चुअल की गई थी। वकीलों की फिजिकल सुनवाई बंद कर दी गई थी। देश और प्रदेश में कोरोना संक्रमण में कमी आ जाने के बाद केसों की फिजिकल सुनवाई करने की हाईकोर्ट ने इजाजत दी थी।

Related Articles

Back to top button