विधान सभा चुनाव को देखते हुए सरकार ने निष्पक्ष चुनाव कराने की तैयारी शुरू की

( अनुराग शुक्ला )लखनऊ (अनुराग दर्शन समाचार )। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधान सभा चुनाव को देखते हुए सरकार ने निष्पक्ष और कुशलतापूर्वक चुनाव कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में प्रदेश के 78 जिलों में दस जनवरी से 150 कम्पनी केन्द्रीय अर्द्धसैनिक पुलिस बल (सीएपीएफ) की तैनाती के आदेश जारी कर दिए हैं। जिसे अतिसंवेदनशीलता व संवेदनशीलता के हिसाब से उसका आवंटन किया गया है। यह जिले में फ्लैग मार्च कर जनता को चुनाव प्रक्रिया के शान्तिपूर्ण व भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न होने का विश्वास दिलाएगी।चुनाव को देखते हुए प्रदेश में सीएपीएफ को तैनात होने जा रही है। जिसमें 50 कम्पनी सीआरपीएफ, 30 कम्पनी बीएसएफ, 30 कम्पनी एसएसबी, 20 कम्पनी सीआईएसएफ और 20 कम्पनी आईटीबीपी की रहेंगी। इन सीएपीएफ की कम्पनियों को सभी 78 जनपदों / कमिश्नरेट को संवेदनशीलता एवं आवश्यकता के अनुसार आवंटित कर दिया गया है। जनपदों के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी अपने जनपद के पुलिस बल को लगाकर विधान सभा चुनावों को देखते हुए एरिया डॉमिनेशन हेतु फ्लैग मार्च करवाएंगे। जिससे लोगों में सुरक्षा का अहसास हो और चुनाव प्रक्रिया के शान्तिपूर्ण व भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न होने का विश्वास कायम रहे। लखनऊ, आगरा, अलीगढ़, गोरखपुर, वाराणसी व कानपुर में तीन कम्पनी को लगाया गया है। वहीं प्रयागराज में सबसे ज्यादा चार कम्पनी को लगाया गया है।



