Latest

रेलवे अंडर पुल पास के पास बोतल बम की खबर से पुलिस विभाग में हलचल

 

आवागमन रोककर बीडीएस ने किया चेक

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। नैनी में शनिवार सुबह लेप्रोसी मिशन चौराहे के आगे रेलवे अंडर पास के पास बोतल बम की खबर से पुलिस विभाग में हलचल मच गई। रेलवे की पुलिया के पास बम की सूचना को गंभीरता से लेते हुए वहां बीडीएस (बम डिस्पोडल स्कवायड) को भेजकर पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए। बेहद सावधानी से करीब जाकर बीडीएस ने चेक किया तो पता चला कि वहां बम जैसा कुछ नहीं था बल्कि चार बोतलों को तार से बांधकर डराने की शरारत की गई थी। शनिवार सुबह करीब नौ बजे पुलिस को फोन पर खबर मिली कि लेप्रोसी मिशन के आगे रेलवे अंडर पास के बेहद करीब बोतल बम है। यह खबर अधिकारियों को दी गई। मिनटों में मौके पर बम डिस्पोजल स्कवायड को भेज दिया गया। फिर रेलवे से जुड़ा मामला होने की वजह से इसे गंभीरता से लेते हुए नवागत एसएसपी अजय पांडेय भी एसपी यमुनापार के साथ पहुंच गए। मौके पर एसओजी और एटीएस समेत फील्ड यूनिट भी आ गई। इस बीच रीवा राजमार्ग पर आवागमन दोनो ओर से बंद कर दिया गया। वाहनों को पुराने पुल से लेप्रोसी चौराहा की ओर भेजा जाने लगा। सतर्कता बरतते हुए बीडीएस के जवानों ने निकट जाकर जांच की तो पता चला कि बम नहीं बल्कि खाली बोतलें हैं। मिनरल बोतल यानी प्लास्टिक की चार बोतलों को तार से बांधकर बम का शक्ल देकर डराने का प्रयास किया गया था। यह शरारत किसने की, यह अभी पता नहीं चल सका है। एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि ऐसी हरकत करने वालों का पता लगाकर कानूनी कार्रवाई जरूर की जाएगी ताकि समाज में अफवाह फैलाकर अशांति पैदा करने की जुर्रत फिर नहीं हो। उल्लेखनीय है कि कुछ अरसा पहले रेलवे पुलों और पटरी पर इसी तरह डिब्बे और तार जोड़कर साथ में कोई सिरफिरा पत्र छोड़ता था कि अबकी तो सिर्फ दिखावा किया है, अगली बार जरूर विस्फोट होगा। उसने ट्रेनों के भीतर भी ऐसी ही हरकत की थी। पुलिस ने बहुत कोशिश की लेकिन उसे सिरफिरे का पता नहीं लगाया जा सका था।

Related Articles

Back to top button