प्रयागराज : एसएसपी के बाद एसीएमओ हो गए कोरोना पॉजिटिव
मिले सात नए मामले, स्वस्थ्य होकर सात मरीज डिस्चार्ज
प्रयागराज। शिवकुटी तेलियरगंज निवासी अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एसीएमओ) समेत सात लोगों की रिपोर्ट बुधवार को कोरोना पॉजिटिव आई। इसमें अल्लापुर निवासी बीएसएनएल के एसडीओ भी शामिल हैं। एसीएमओ पूर्व में प्रयागराज जंक्शन पर बाहर से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग कराने में लगे थे। साथ ही जिला सर्विलांस अधिकारी व कोविड 19 के नोडल अधिकारी भी रह चुके हैं। उन्हें पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था और खांसी की भी शिकायत थी।
जिला के कोविड-19 के अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि मऊआइमा के सुल्तानपुर खास की 26 वर्षीय महिला, सैदाबाद क्षेत्र की मां व उसकी 17 वर्षीय बेटी भी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। उधर, लोकनाथ क्षेत्र के 69 वर्षीय एक व्यापारी की दो दिन पहले मौत हो गई थी, उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बुधवार को जिले भर से कुल 654 सैम्पल एकत्र किये गए। एसीएमओ परिवार के सात लोगों का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। जबकि कुल 466 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
उधर, झलवा स्थित एक निजी अस्पताल में काम करने वाली दो नर्सें कोरोना पॉजिटिव मरीज के सम्पर्क में आने से संक्रमित हो गई थीं की रिपोर्ट निगेटिव आई। बुधवार को कोटवा के एल-1 अस्पताल से दोनों नर्सों को वापस घर भेज दिया गया। वहीं इसी अस्पताल से पुराना कटरा निवासी युवक और मांडा के सुकवारी बाजार की एक महिला की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। इस तरह कोटवा के एल-1 अस्पताल में अब 15 कोरोना पॉजिटिव मरीजों का इलाज चल रहा है।



