Latest

कानपुर में 25 जनवरी से नामांकन, 20 फरवरी को मतदान

(अनुराग शुक्ला ) कानपुर ( अनुराग दर्शन समाचार ) । विधानसभा चुनावों का शनिवार को ऐलान होने के साथ ही राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। विभिन्न माध्यमों से जो जानकारी मिल रही है,उसके अनुसार कानपुर में तीसरे चरण के तहत चुनाव होगा। इसके तहत 25 जनवरी को नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ होगी,जबकि 20 फरवरी को मतदान होगा। चुनाव आयोग की तरफ से घोषित किए गए चुनावी कार्यक्रम के अनुसार, कानपुर में तीसरे चरण के तहत 25 जनवरी को अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन शुरू होंगे। एक फरवरी को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख है। नामांकन पत्रों की जांच दो फरवरी को जबकि नाम वापसी की आखिरी तारीख चार फरवरी होगी। इसके बाद 20 फरवरी को कानपुर की सभी दस विधानसभाओं में मतदान होगा जबकि 10 मार्च को मतगणना होगी। विधानसभाओं की बात करें तो कानपुर में बिल्हौर बिठूर कल्याणपुर गोविंद नगर,सीसामऊ,आर्य नगर, किदवईनगर,कानपुर कैंट,महाराजपुर और घाटमपुर विधानसभा हैं।
वहीं, वर्ष 2017 में कानपुर की 10 विधानसभा के मुकाबले इस बार 1 लाख 36 हजार 931 वोटर बढ़ गए हैं,जो कि पिछली बार के मुकाबले लगभग 5 प्रतिशत ज्यादा हैं। जबकि विधानसभा चुनाव 2022 में कुल वोटरों की संख्या 34.89 लाख हो गई है। इनमें 18.95 लाख पुरुष और 15.93 लाख महिलाएं शामिल हैं। सभी 10 विधानसभाओं में कुल 78,409 वोटर जुड़े हैं। पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार वोटरों की संख्या में काफी ज्यादा इजाफा हुआ है। 10 विधानसभाओं में 1429 मतदान केंद्र और 3702 पोलिंग बूथ हैं।

*निर्वाचन कार्य से सम्बंधित कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई : डीएम*

(अनुराग शुक्ला )
कानपुर ( अनुराग दर्शन समाचार )। जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी द्वारा शनिवार को एचबीटीयू के शताब्दी भवन में सेक्टर मजिस्ट्रेट,जोनल मजिस्ट्रेट के कार्यो की समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि निरीक्षण में बूथों में जो भी कमियां मिली है तत्काल उसके विषय में आरओ को तत्काल अवगत कराए ताकि समयबद्ध तरीके से उसका निस्तारण किया जा सके। उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य से सम्बंधित जो भी कार्य उन्हें दिए गए है उन्हें पूरी जिम्मेदारी से सम्पादित करे। निर्वाचन कार्य मे लापरवाही करने वाले अधिकारी व कर्मचारियो की किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जायेगी। बैठक में खण्ड विकास अधिकारी कल्याणपुर,अधिशासी अभियंता शिवराजपुर एवं अधिशासी अभियंता घाटमपुर द्वारा बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित होने पर उनका वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। बैठक में समस्त आरओ उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button