यूपी टीईटी की प्रथम पाली में 87 प्रतिशत ने दी परीक्षा
परीक्षा दौरान लीक पेपर होने की भ्रामक खबरें उड़ी
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार)। उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) 2021 रविवार को सकुशल सम्पन्न हो गयी। प्रथम पाली में प्राथमिक स्तर पर 12,91,627 तथा द्वितीय पाली में उच्च प्राथमिक स्तर पर 8,73,552 अभ्यर्थियों यानि दोनों पालियों में कुल 21,65,179 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र निर्गत किये गये थे। प्रथम पाली में कुल 87 प्रतिशत ने परीक्षा दी।
परीक्षा नियामक प्राधिकारी, उप्र के सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने बताया कि प्राथमिक स्तर की परीक्षा प्रातः 10 से 12ः30 बजे तक प्रदेश के समस्त जनपदों में निर्धारित कुल 2532 परीक्षा केन्द्रों पर सकुशल सम्पन्न करायी गई। जिसमें 87 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्तर की परीक्षा में प्रदेश में लगभग 96,945 कक्ष निरीक्षक, 5064 पर्यवेक्षक, 844 सचल दस्ता तथा सहयोग हेतु 3451 तृतीय श्रेणी एवं लगभग 8348 चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी लगे रहे। प्रयागराज जनपद में जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण निरंतर भ्रमण पर लगे रहे। सचिव ने बताया कि परीक्षा के दौरान कई जनपदों में प्रश्नपत्र लीक होने की सोशल मीडिया पर पोस्ट वारयल किये गये। जिसका संज्ञान लेते हुए वायरल पोस्ट पर मुद्रित प्रश्नों का मिलान मूल प्रश्न पुस्तिका के प्रश्नों से कराये जाने पर गलत एवं भ्रामक पाया गया। इस संबंध में पुलिस द्वारा दोषी के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा 2ः30 से 5 बजे तक प्रदेश में निर्धारित कुल 1733 परीक्षा केन्द्रों पर करायी जा रही है।




