व्यापारियों ने लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने का लिया संकल्प

लूकरगंज में हुई शहर के प्रतिष्ठित व्यापारियों की मतदाता जागरूकता बैठक
व्यापारियों ने रेलवे स्टेशन का गेट नंबर एक खोले जाने और व्यापारियों की कमेटी बनाए जाने की रखी मांग
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )।योगी सरकार में व्यापारी और व्यापार हितों में लिए गए निर्णयों की सराहना की गई । विधानसभा चुनाव 2022 में हर वर्ग के साथ शहर के व्यापारी वोट की चोट करेंगे। लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व में न सिर्फ हिस्सा लेंगे बल्कि औरों को भी मतदान के लिए जागरूक करेंगे। रविवार की देर शाम लूकरगंज स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित मतदाता जागरूकता बैठक में शहर के प्रतिष्ठित व्यापारियों ने यह निर्णय लिया। जिसमें व्यापारियों व बुद्धिजीवियों के साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री व प्रयागराज शहर दक्षिणी विधायक नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी एवं शहर पश्चिमी विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह मौजूद रहे।
मतदाता जागरूकता बैठक में व्यापारियों ने कहा कि मतदान करना हर किसी का अधिकार है, फिर चाहे वो व्यापारी हो या आम आदमी। इसलिए हर किसी का कर्तव्य है कि वो मतदान के दिन घरों से बाहर निकले और मतदान करे। व्यापारियों ने कहा कि इस बार वे न सिर्फ मतदान करेंगे, बल्कि अन्य व्यापारियों व लोगों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। इलाहाबाद गल्ला एवं तिलहन संघ के अध्यक्ष सतीश केसरवानी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में पूरे प्रदेश में व्यापार और व्यापारियों के लिए सुरक्षित माहौल बना है। प्रयाग व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय अरोरा ने कहा कि आतंक का पर्याय बने अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी जैसे माफिया जिनकी तूती बोलती थी, आज वे सलाखों के पीछे हैं। व्यापारियों ने प्रयागराज रेलवे स्टेशन का एक नंबर गेट खोले जाने और व्यापारियों की एक कमेटी बनाए जाने की मांग रखी, ताकि कोई अधिकारी व्यापारियों का उत्पीड़न न कर सके। मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि वे व्यापारियों के अधिकार एवं हित की लड़ाई के लिए हमेशा सबसे आगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में व्यापारियों के अधिकारों का पूरा ध्यान रखा गया है। आगे भी रखा जाएगा। इस अवसर पर व्यापारी परमजीत सिंह, शिव कुमार वैश्य, विजय अरोरा, अनिल केसरवानी झल्लर, रामजी केसरवानी, सरदार हरजिंदर सिंह, श्रीकांत केसरवानी, सुशील खरबंदा, राना चावला, अरूण केसरवानी, अनिल गुंप्ता, दिलीप गुप्ता, अनिमेष अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, शिवशंकर सिंह, धनंजय सिंह आदि मौजूद रहे।


