वर्दी पहनकर जाम छलकाना पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) के दो सिपाहियों को पड़ा भारी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। वर्दी पहनकर जाम छलकाना पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) के दो सिपाहियों को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने सिपाही रामदरश सिंह यादव, राजकुमार चौरसिया व एक फालोवर को निलंबित कर दिया है। शराब पीने वालों में एक होमगार्ड भी शामिल रहा, जिसके खिलाफ कार्रवाई के लिए कमांडेंट को रिपोर्ट भेजी गई है।
बताया जाता है कि मांडा थाना क्षेत्र में डायल 112 की पीआरवी 134 तैनात रहती है। कुछ दिन पहले दिघिया चौकी के पास पीआरवी के दो सिपाही, फालोवर व होमगार्ड चाय-समोसे की एक दुकान पर खड़े होकर शराब पी रहे थे। दोनों सिपाही वर्दी में थे और जाम से जाम टकरा रहे थे। तभी किसी ने अपने मोबाइल में उनका वीडियो बना लिया और फिर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। इसकी जानकारी एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित को हुई तो उन्होंने जांच कराई।
एसपी यमुनापार के आदेश पर की गई जांच में पता चला कि होमगार्ड के बेटे का एनडीए में सेलेक्शन हुआ था। वह खुशी में मिठाई बांट रहा था, मगर तब तक सिपाहियों ने शराब पिलाने की बात कह दी। नशे में बहने के बाद फालोवर ने उलजलूल हरकत भी की। आन ड्यूटी शराब पीने की बात सही मिली तो इन तीनों के खिलाफ रिपोर्ट एसएसपी को भेजी गई। एसएसपी अजय कुमार ने शनिवार रात दोनों सिपाही औ फालोवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्होंने बताया कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता करने और आम जनमानस से अभद्रता करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस तरह से पुलिस को सख्त संदेश दिया गया है।




