फरार आईपीएस पर 25 हजार का ईनाम, व्यापारी हत्याकांड में फरार हैं मणिलाल पाटीदार
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। पुलिस अब तक चोर, बदमाश, डाकू और गैगस्टर को पकड़वाने पर ही इनाम घोषित करती है, लेकिन इस बार पुलिस महकमे ने अपने एक युवा आईपीएस अधिकारी को पकड़वाने पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। महोबा में व्यापारी इन्द्रकांत त्रिपाठी हत्याकांड में निलंबन के बाद से फरार चल रहे आइपीएस अधिकारी मणिलाल पाटीदार के साथ ही कॉन्स्टेबल अरुण यादव पर शासन का शिकंजा कस गया है। महोबा के एसपी रहे मणिलाल पाटीदार को भगोड़ा घोषित करने के बाद अब 25 हजार का ईनाम रखा गया है।
महोबा के कबरई के व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत के मामले में भगोड़ा घोषित महोबा के पूर्व एसपी मणिलाल पाटीदार पर यह ईनाम रखा गया है। इस मामले में उनके सहयोगी सिपाही अरुण यादव पर भी 25 हजार का ईनाम है। इस मामले के आरोपितों में तत्कालीन एसओ देवेंद्र और दो अन्य को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मणिलाल पाटीदार 15 नवंबर से फरार हैं। पुलिस की कई टीमें और एसटीएफ उनकी खोज में लगी हुई हैं लेकिन अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका। प्रदेश का यह पहला मामला है जिसमें किसी आईपीएस पर 25 हजार का इनाम रखा गया है।



