विधान परिषद सदस्य ने विभिन्न प्रकरणों पर अधिकारियों को दिये निर्देश
इलाहाबाद। सदस्य विधान परिषद दीपक सिंह के सभापतित्व में उ.प्र. विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति की बैठक आज सर्किट हाऊस के सभागार में आयोजित की गयी। जिसमें शिक्षा, नगर निगम, विद्युत विभाग, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, उद्यान विभाग तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से सम्बन्धित प्रकरणों पर सम्बन्धित अधिकारियों से वस्तुस्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।

बैठक में जनपद इलाहाबाद में तिलक नगर एवं अल्लापुर में शुद्ध जल आपूर्ति के सम्बन्ध में नगर निगम के अधिकारियों से वस्तुस्थिति की जानकारी ली गयी। जिसमें बताया गया कि स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति की जा रही है तथा समय-समय पर पेयजल की जांच समय-समय पर राज्य स्वास्थ्य संस्थान उ.प्र. लखनऊ एवं जलकल विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गयी है, जिसमें पेयजल शुद्ध पाया गया है। मा. सदस्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया पेयजल की आपूर्ति समय से की जाय तथा पेयजल की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जायें। इसी तरह इलाहाबाद में घर-घर से कूड़ा उठाने व निस्तारण के कार्यो की जानकारी नगर निगम के अधिकारियों से ली गयी। जिसमें बताया गया कि मेसर्स हरी-भरी के द्वारा डोर-डोर कलेक्शन का कार्य किया जा रहा है। मा. सदस्य ने नगर निगम के अधिकारी को निर्देशित किया कि किसी क्षेत्र से कूड़ा न उठाने की शिकायत न आये, इस बात का विशेष ध्यान दिया जाय। उन्होने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने एवं कूडे को कलेक्शन करने आने वाली गाड़ियों में ही देने के प्रति जागरूक करने के कैम्प लगाने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि सफाई के कार्यो की निरंतर मानीटरिंग भी की जाय। इसी तरह तहसील करछना के रामपुर ग्राम सभा में विद्युत लाइन के शार्ट सर्किट के कारण जनमानस को रही हानि के सम्बन्ध में विद्युत विभाग के अधिकारी से जानकारी लेते हुए उन्हें आवश्यक निर्देश दिये गये। एक अन्य प्रकरण में निराश्रित महिला को आवास दिलाये जाने के सम्बन्ध में आवश्यक कार्रवाई किये जाने के निर्देश दिये गये।
चिकित्सा विभाग से सम्बन्धित प्रकरण में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के उपस्थित न होने के स्थान पर अन्य स्वास्थ्य अधिकारी के उपस्थित होने पर समिति द्वारा नाराजगी व्यक्त की गयी। स्वास्थ्य अधिकारी के द्वारा बताया गया कि सीएमो बैठक के लिए लखनऊ गये हुए है लेकिन समिति द्वारा किसक बैठक मे गये की सूचना पूछे जाने पर जानकारी न होना बताया गया।
मा. सदस्य विधान परिषद ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक से आने से पूर्व पूरी तैयारियों के साथ आये तथा प्रकरणों के सम्बन्ध में पूरी जानकारी रखे एवं उसी के अनुसार ही वस्तुस्थिति को स्पष्ट करें। उन्हे अधिकारियों को इस बात के लिए भी चेताया कि इस तरह की पुनर्वावृत्ति दुबारा न की जाय। उन्होंने कहा कि कार्यो को बेहतर ढंग से करने की मंशा रखे।

