सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने मण्डलायुक्त ने दिए निर्देश
प्रयागराज। मण्डलायुक्त श्री आर0 रमेश कुमार ने प्रयागराज विकास प्राधिकरण द्वारा कोरोना संक्रमण संदिग्ध लोगों को आइसोलेट करने के लिए कालिन्दीपुरम में बनाये गये सेंटर का निरीक्षण किया। इसमें सभी संदिग्ध लोगों को कोरेन्टाइन करने के लिए अलग-अलग बाथरूम संलग्न कमरों की व्यवस्था की गई है।

मण्डलायुक्त ने कहा कि यहां पर 250 बेड की व्यवस्था की गई है, जिन व्यक्तियों के सैम्पल टेस्टिंग के लिए भेजे जाते हैं उनकी रिपोर्ट आने तक उन्हें यहां पर आइसोलेट किया जायेगा। लाॅकडाउन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए मण्डलायुक्त ने जनसामान्य से भी इसके पालन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी ने भी धर्मगुरूओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए लाॅकडाउन के प्रति जागरूकता फैलाने व जनसहभागिता सुनिश्चित किये जाने की अपील की है।
उन्होंने कहा ऐसे समय में मीडिया का दायित्व और बढ़ जाता है कि वह जन-जन तक मा0 मुख्यमंत्री जी के संदेश को पहुंचाकर उन्हें जागरूक करें कि प्रत्येक व्यक्ति को आइसोलेट रहकर वायरस के प्रसार को रोकने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देना है। उन्होंने पब्लिक एड्रेस सिस्टम के द्वारा प्रत्येक गांव, नगर पंचायत सहित सभी स्थानों पर लोगों को जागरूक करने को कहा।

मण्डलायुक्त ने एयरपोर्ट अधिकारियों के साथ बैठक कर वहां पर कोविड-19 के दृष्टिगत की गयी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि एयरपोर्ट पर आने व जाने वालों की स्क्रीनिंग के साथ उनके सामान की स्क्रीनिंग व सैनीटाइजेशन भी कराया जाये। उन्होंने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्णतया पालन सुनिश्चित किया जाये तथा मास्क, दस्ताने आदि का प्रयोग आवश्यक रूप से किया जाये।
भ्रमण/निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक श्री कवीन्द्र प्रताप सिंह ने लाॅकडाउन, सोशल डिस्टेंसिंग, हैण्ड वाशिंग, मास्क, ग्लव्स आदि संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन करवाने हेतु निर्देश देते हुए जागरूकता लाने व अन्य सहायक कार्यों हेतु पुलिस बल का मनोबल बढ़ाया। इस दौरान विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष- श्री टी0के0 शिबू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्री जी0एस0 वाजपेयी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




