444 कैदियों ने जीत ली कोरोना की जंग

( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना वायरस का खौफ ऐसा कि चिकित्साकर्मी भी मरीज से दूरी बनाते दिखे लेकिन वहीं नैनी जेल के कैदियों ने बेहतर तालमेल से कोरोना संक्रमण को मात दी। कोविड-19 के संक्रमण से नैनी जेल में एक के बाद एक करके बड़ी संख्या में कैदी कोरोना पॉजिटिव हो गए। पर जेल प्रशासन ने हार नहीं मानी और कैदियों ने भी उनका भरपूर साथ निभाया। रात में एक दूसरे का तापमान और पल्स रेट चेक करके उनकी सेहत का खयाल रखा। नतीजा यह दिखा कि जेल में बंद 444 कैदियों ने आपसी सहयोग से कोरोना से जंग जीत ली। वर्तमान में नैनी जेल में कोई भी कोरोना संक्रमित नहीं है।
सेंट्रल जेल नैनी में लगभग 4200 कैदी बंद हैं। कोरोना काल में नैनी जेल में भी कोविड-19 का संक्रमण बढ़ गया। जेल प्रशासन ने कोरोना पॉजिटिव कैदियों के लिए अलग से अस्थायी अस्पताल बनवाया, लेकिन धीरे-धीरे इनकी संख्या बढ़ती गई। मुश्किल घड़ी में जेल प्रशासन ने कैदियों को जागरूक कर उनके अंदर सेवाभाव जगाया।
नैनी सेंट्रल जेल में फिलहाल नहीं कोई कोरोना संक्रमित
वरिष्ठ जेल अधीक्षक पी एन पांडेय ने बताया कि कैदी खुद एक दूसरे का तापमान चेक करते और रात में पल्स रेट जांच कर डायरी में अंकित करते थे, ताकि सुबह डॉक्टर पहुंचे तो उन्हें पूरी रिपोर्ट मिल जाए। इस मुश्किल घड़ी में यूरिनल की सफाई से लेकर अन्य कामों तक में सहभागिता निभाई। अब तक 12,364 कैदियों की जांच हो चुकी है। कोरोना से किसी भी कैदी की जेल में मौत नहीं हुई।



