किन्नर अखाड़ा के लोक कल्याण हवन में शामिल हुए मंत्री नन्दी

किन्नर कल्याण बोर्ड सदस्य महामंडलेश्वर कौशल्या नन्द गिरी ने किया मंत्री नन्दी का स्वागत
उत्तर प्रदेश में फिर एक बार योगी सरकार बनने की कामना की गई
( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। इंद्रपूरी कॉलोनी न्यू बैहराना में लोक कल्याण की कामना के साथ किन्नर अखाड़ा के महामंडलेश्वर एवं किन्नर कल्याण बोर्ड उत्तर प्रदेश सरकार के सदस्य कौशल्या नन्द गिरी द्वारा हवन का आयोजन किया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री व प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी शामिल हुए। राष्ट्र सेवा में पूरी तरह समर्पित भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश में फिर से सरकार बने और अपना प्रदेश यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में निरंतर प्रगति रथ पर अग्रसर रहे इसी कामना के साथ हवन कुण्ड में आहुति डाली गई। हवन के बाद जय श्री राम के जयकारे लगाते हुए किन्नर अखाड़ा के सदस्यों ने ” जो राम को लाए हैं, हम उनको लायेंगे” गीत पर नृत्य किया। किन्नर अखाड़ा के महामंडलेश्वर कौशल्या नन्द गिरी के साथ ही अन्य सदस्यों ने मंत्री नन्दी के विजय श्री कामना के साथ अपना आशीर्वाद दिया। महामंडलेश्वर कौशल्यानंद गिरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहली बार किसी सरकार ने किन्नरों को समाज में सम्मानजनक स्थान देने के साथ ही उनके कल्याण के लिए सोचा और किन्नर कल्याण बोर्ड का गठन किया। किन्नर कल्याण बोर्ड का गठन होने से समाज के इस वर्ग को शिक्षा रोजगार और आवास आदि जीवनपयोगी चीजों के मुहैया होने में बड़ी मदद मिलेगी।
अपने प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क पर निकले भाजपा प्रत्याशी मंत्री नन्दी ने मलाकराज वाली गली, हौली वाली गली, शिव पार्क, इंद्रपुरी कॉलोनी, बड़ी लाइन, छोटी लाइन, बंगाली टोला, रेलवे लाइन, बैहराना खिन्नी वाली गली, बैहराना पुरानी हौली वाली गली, बैहराना चौराहा आदि इलाके में जनसंपर्क कर लोगों से कमल के फूल पर बटन दबाने की अपील की।



