Latest

शक्तिमान पर बनने जा रही फिल्म, हुआ बड़ा ऐलान

(अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। मुकेश खन्ना 90 के दशक के सबसे लोकप्रिय अभिनेता रहे हैं। उन्होंने धारावाहिक शक्तिमान से हर वर्ग के दर्शकों का दिल जीता। यह किरदार इतना मशहूर हुआ कि इसकी चर्चा आज तक होती है। अब इसी तर्ज पर एक फिल्म बनने जा रही है। फिल्म का नाम भी शक्तिमान ही होगा। मुकेश खन्ना सोनी टीवी के साथ मिलकर इस फिल्म को बनाने वाले हैं। इसे लेकर खन्ना बेहद उत्साहित हैं। सोनी टीवी ने सोशल मीडिया पर इस फिल्म से जुड़ा पहला टीजर रिलीज किया है, जो इशारा कर रहा है कि सुपरहीरो शहर को बचाने के लिए दोबारा से वापस आ रहा है। टीजर में कहा गया, जैसा कि मानवता पर अंधेरा और बुराई व्याप्त है, उसके लौटने का समय आ गया है। यह फिल्म तीन हिस्सों में बनेगी, जिसका निर्देशन बेहतरीन निर्देशकों में से एक करने जा रहे हैं। यह फिल्म हिंदी, मलयालम, तेलुगु और तमिल में रिलीज होगी। टीजर की शुरुआत में मुंबई के ऊपर छाए घने बादल और कड़कती बिजली दिखाई दे रही है। इसके बाद एक कैमरा हवा में उड़ता हुआ दिख रहा है, जिसके लेंस पर शक्तिमान का लोगो बना हुआ है। उसके बाद शक्तिमान की यूनिफॉर्म पहने एक शख्स दिखता है, लेकिन उसका चेहरा नहीं दिखाया गया है। इसमें शक्तिमान को लोगों का हीरो, सुपरहीरो बताया गया है। फिल्म में शक्तिमान के किरदार में कौन होगा, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है।
फिल्म समीक्षक और ट्रेड एनालिस्ट ने भी सोशल मीडिया पर फिल्म की घोषणा की। उन्होंने शक्तिमान का टीजर शेयर करते हुए लिखा, बड़ी घोषणा: सोनी पिक्चर्स शक्तिमान को बड़े पर्दे पर ला रहा है। इस बार शक्तिमान को सिनेमाघरों के लिए बनाया जाएगा। यह एक ट्राइलॉजी होगी। उन्होंने लिखा, देश का सबसे बड़ा सुपरस्टार इस किरदार को निभाएगा। एक बड़़े डायरेक्टर इसे डायरेक्ट करेंगे। सोनी पिक्चर्स इंटरनेशनल प्रोडक्शन्स ने पॉपुलर सुपरहीरो शो शक्तिमान फिल्म के एडेप्शन राइट्स खरीद लिए हैं।
शक्तिमान टीवी के सबसे लोकप्रिय शो में से एक रहा है, इसमें मुकेश खन्ना ने शक्तिमान की भूमिका निभाई थी। उनका डबल रोल था। एक में वह पत्रकार गंगाधर थे और दूसरे रोल में सुपरहीरो। सुपरहीरो की पहचान छुपाने के लिए वह गंगाधर बने थे, जो काफी बेवकूफियां करता रहता है। टीवी पर यह शो 13 सितंबर, 1997 को टेलीकास्ट हुआ और 2005 तक प्रसारित हुआ था। शक्तिमान भारत का पहला सुपरहीरो था, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। बॉलीवुड में भी कई सुपरहीरोज फिल्में बनी हैं। मिस्टर इंडिया एक भारतीय सुपरहीरो पर आधारित थी। भारतीय सिनेमा के लिए कृष एक आइकॉनिक सुपरहीरो है। द्रोणा एक सुपरहीरो फिल्म थी। फिल्म रा.वन, भावेश जोशी सुपरहीरो और ए फ्लाइंग जट्ट भी इस लिस्ट में शामिल है।

Related Articles

Back to top button