माघ मेला: माघी पूर्णिमा के लिये रहेगा यातायात प्रतिबंध

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । माघी पूर्णिमा स्नान पर्व के दृष्टिगत 16 फरवरी को मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन एवं सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र में आने वाले वाहनों के लिए यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। एसपी मेला डॉ राजीव नारायण मिश्रा द्वारा जारी किये गये यातायात प्रबन्धों के मुताबिक 15 फरवरी को रात 12 बजे से 17 फरवरी की रात 22.00 बजे तक अथवा भीड़ समाप्ति तक संगम क्षेत्र में प्रशासनिक/चिकित्सीय वाहनों के अतिरिक्त सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन निर्धारित ‘पार्किंग’ स्थलों पर खड़े होंगे। वाहन प्लाट नं. 17 पार्किंग
पाण्टून पुल वर्कशाप के समीप बनी पार्किंग, गल्ला मण्डी दारागंज पार्किंग,
हेलीपैड पार्किंग, काली सड़क पर यातायात पुलिस लाइन के सामने व बगल में बनी पार्किंग और
ओल्ड जी.टी. कछार पार्किंग में खड़े होंगे। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होने पर
मिर्जापुर- रीवा की ओर से आने वाले समस्त दो पहिया व चार पहिया वाहनों को लेप्रोसी चौराहे के बगल में नवप्रयागम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। जौनपुर-वाराणसी की ओर से आने वाले वाहन कटका तिराहे से डायवर्जन कर चीनी मिल पार्किंग में पार्क होंगे। कानपुर की ओर से आने वाले वाहनों को सीएमपी डिग्री कालेज, केपी इण्टर कालेज व बक्शी बाँध कछार पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। मेला क्षेत्र में पैदल आगमन के लिए भी रूट तय किये गये हैं। संगम आने वाले श्रद्धालुओं/स्नानार्थियों को जी0टी0 जवाहर से प्रवेश कर काली सड़क आकर काली रैम्प से होते हुए संगम अपर मार्ग से संगम तक जाना होगा। वापसी अक्षयवट मार्ग से होते हुए इण्टर लाकिंग मार्ग से जगदीश रैम्प मार्ग एवं त्रिवेणी मार्ग चौराहे से परेड क्षेत्र में स्थित पार्किंग स्थल तक होगी। मेला क्षेत्र में जाने को प्रवेश मार्ग जी0टी0जवाहर चौराहे से एवं निकास मार्ग हर्षवर्धन चौराहे से प्रस्तावित है। प्रमुख स्नान पर्व के दिनों में अक्षयवट दर्शन के लिए बन्द रहेगा और सामान्य दिनों में सुबह 7.00 बजे से शाम 17.30 बजे तक खुलेगा।
माघ मास समाप्त होने के बाद कल्पवासियों के वापस जाने के लिये यातायात प्रबन्ध अलग से निर्गत किये गये हैं।


