लक्ष्मी साइकिल पर नहीं बल्कि कमल पर आती हैं-केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी

राम का अस्तित्व न मानने वाले आज कोट पर जनेऊ पहन कर टहल रहे हैं-केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी
(अनुराग शुक्ला) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आज सोमवार को दिल्ली से चलकर प्रयागराज पहुंचीं थीं। प्रयागराज शहर स्थित इलाहाबाद दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के मीरापुर में सभा करने के बाद वह इलाहाबाद पश्चिमी विधानसभा के प्रीतम नगर क्षेत्र पहुंची। यहां भी उनकी जनसभा आयोजित है। इसके बाद शाम को इलाहाबाद उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के कटरा मोहल्ले में चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आम जन से स्मृति ईरानी अनुरोध करेंगी। इसके बाद वे वापस दिल्ली के लिए लौट जाएंगी। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने प्रयागराज शहर के मीरापुर में पहली जनसभा की। यहां उन्हाेंने कहा कि लक्ष्मी साइकिल पर नहीं बल्कि कमल पर आती हैं। उन्होंने कहा कि राम का अस्तित्व न मानने वाले आज कोट पर जनेऊ पहन कर टहल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि याद रखें यही वह सपा है, जिसने राम भक्तों पर गोली चलवाई थी। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने संबोधन में सपा को घेरते हुए कहा कि इसी दल के एक नेता ने जनगणमन कहने की बात छोड़िए, खड़े होने से भी मना कर दिया था। दूसरी तरफ भाजपा ही नहीं देश का प्रत्येक नागरिक अपनी जन्मभूमि को नमन करता है। हमारे पास ऐसा राष्ट्रसेवक है, जो पूरे देश का मस्तक गर्व से ऊपर उठाने में लगा है। इसे बनाए रखने के लिए 27 फरवरी को बूथ तक जरूर जाएं और कमल के बटन को दबाएं। उन्होंने कहा कि देश की सांस्कृतिक पहचान श्रीराम हैं। भाजपा ने उस पहचान को स्थापित करने का कार्य किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा महाकालेश्वर में आज शिवरात्रि मनाई जा रही। यदि शिव को खुश करना होता है या अपनी मनोकामना पूरी करनी होती है तो सब से पहले नंदी जी के कान में कहा जाता है। ठीक उसी तरह आप सब भी नंदी जी को समर्थन दें। यह सिर्फ भाजपा के नहीं। आम नागरिकों के प्रत्याशी हैं। हमारी रामराज्य की संकल्पना में महिलाओं का सम्मान, युवाओं का उत्थान, समाज देश का विकास निहित है।



