अस्वस्थता के बाद भी मंत्री नन्दी ने आठ घंटे लगातार जनता दर्शन में की जनसुनवाई

कुछ दिनों पहले कराया था ऑपरेशन
2010 में हुआ था आरडीएक्स बम स जानलेवा हमला
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। 2010 में आरडीएक्स हमले का शिकार होने के बाद पुर्नजीवन प्राप्त करने वाले उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी घटना के 12 वर्ष बाद भी पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं। आज भी बीच-बीच में उनका ईलाज और ऑपरेशन होता रहता है। इसी प्रक्रिया के तहत अभी कुछ दिनों पहले ही पीजीआई में एडमिट होने के बाद मंत्री नन्दी ने अपना सफल ऑपरेशन करवाया। जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें तीन से चार सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी। लेकिन अपने दायित्वों और कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह से कर्मठ मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने ऑपरेशन कराने के दो दिन बाद ही प्रयागराज जाकर जहां श्री रामायण तीर्थ यात्रियों का स्वागत किया, वहीं प्रयागराज पहुंची शतरंज ओलम्पियाड की मशाल को स्वीकार कर सभी का स्वागत एवं अभिनन्दन किया। वहीं सोमवार को विधानभवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दर्शन में दिन में 11 बजे से शाम सात बजे तक लगातार करीब आठ घंटे बैठ कर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनी और तत्काल उनका निराकरण किया। वहीं सम्बंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी हमेशा लोगों के बीच में बने रहते हैं, यही कारण है कि वह अपने समर्थकों, कार्यकर्ताओं व चाहने वालों से ज्यादा दिनों तक दूर नहीं रह पाते हैं। इसीलिए डॉक्टरों की सलाह के बाद भी आराम करने के बजाय मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी सोमवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में शामिल होने और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए देवतुल्य कार्यकर्ताओं, समर्थकों, व्यापारी भाईयों से मुलाकात करने विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष पहुंचे। जहां उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों लोगों से मुलाकात की। सबकी बातें सुनी, समस्याएं सुनी। इस बीच लोगों ने मंत्री नन्दी का स्वागत एवं अभिनन्दन भी किया।
पिछले दिनों पीजीआई में भर्ती होने और फिर ऑपरेशन कराने के बाद का असर मंत्री नन्दी के चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था। लेकिन अपनी पीड़ा और डॉक्टरों के सलाह की परवाह किए बगैर मंत्री नन्दी ने जनसुनवाई में करीब 200 से अधिक लोगों की समस्याएं सुनी।




