आरसीसी ने छोड़ा मैदान, अल्वी इलेवन विजयी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । चौंपियंस ट्रॉफी टी-20 मास्टर्स क्रिकेट प्रतियोगिता में रॉयल क्रिकेट क्लब (आरसीसी) इलेवन के मैदान छोड़ देने के कारण अल्वी इलेवन को विजेता घोषित किया गया।
डीएवी कॉलेज मैदान पर बुधवार को खेले गये मैच में आरसीसी ने 20 ओवर में 142 रन (विवेक खत्री 41, रचित श्रीवास्तव 22, विपिन यादव 15, सूफियान खान 4/09, यूसुफ खान 2/21) बनाये। अल्वी इलेवन की बल्लेबाजी के दौरान आरसीसी के सदस्यों ने गेंद खराब होने की बात कहकर क्षेत्ररक्षण करने से इनकार कर दिया।
आयोजकों ने आरसीसी की पसंद की गेंद से खिलाने को कहा लेकिन टीम फिर भी तैयार नहीं हुई तो अल्वी इलेवन को विजेता घोषित कर दिया गया। चार टीमों के इस टूर्नामेंट में आरसीसी अपना पहला मैच हार चुकी है और अंक तालिका में सबसे नीचे है। प्रतियोगिता में बने रहने के लिए उसे हर हाल में यह मैच जीतना था लेकिन 142 रन पर सिमटने के बाद यह मुश्किल दिख रहा था।




