सड़क सुरक्षा -जीवन रक्षा” जागरूकता कार्यक्रम

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। आज आर्य कन्या इंटर कॉलेज, प्रयागराज के प्रांगण में भारत सरकार के द्वारा निर्धारित सड़क जागरूकता अभियान के अंतर्गत मैत्रेयी सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं सामाजिक संस्था द्वारा “सड़क सुरक्षा -जीवन सुरक्षा” जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था के महासचिव श्री धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने विद्यालय के प्रबंधक श्री पंकज जायसवाल,प्रधानाचार्या डॉ सुधा रानी उपाध्याय,उप प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना जायसवाल एवं आए हुए समस्त प्रबुद्ध वक्ताओं का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
श्री सतीश चित्रांशी (प्रमुख वक्ता) ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें यातायात संबंधी नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि नियमों का पालन करने से ही दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। इस प्रकार उन्होंने प्रमुख 11 बिंदुओं पर प्रकाश डाला। दूसरे प्रमुख वक्ता अधिवक्ता डॉ राजकुमार श्रीवास्तव ने कहां की लाइसेंस, इंश्योरेंस एवं गाड़ी के सभी कागजात हमेशा अपने साथ रखना चाहिए। मद्यपान करके या अत्यधिक तेज गाड़ी नहीं चलाना चाहिए। अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की भी सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। प्रबंधक श्री पंकज जायसवाल ने कहा की ट्रैफिक सिग्नल का पालन करें एवं स्टॉप लाइन से पहले ही गाड़ी रोक दें ऐसा करने से आप होने वाली दुर्घटनाओं से बच सकते हैं। प्रधानाचार्या डॉ सुधा रानी उपाध्याय ने अपने वक्तव्य में कहा कि जीवन में अनुशासन का बड़ा महत्व है यही बात गाड़ी चलाते समय या पैदल चलते समय भी ध्यान में रखना चाहिए। उप प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना जायसवाल ने कहा कि “दुर्घटना से देर भली” अर्थात कभी भी जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। रेलवे फाटक बंद होने पर कभी भी पार करने की कोशिश ना करें। इस प्रकार सभी वक्ताओं ने अपने वक्तव्य में सुरक्षित रहने का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में विद्यालय की श्रीमती आशा श्रीवास्तव,ऋतु अरोरा,सलोनी अग्रवाल,मनीक्षा श्रीवास्तव,विनीता सिंह,विमला जी,कांता सैनी,निवेदिता आदि समस्त शिक्षिकाएं एवं संस्था के सदस्य श्रीमती नंदिता अडवाल, नीता श्रीवास्तव ,शिखा वर्मा एवं मिली कुमारी उपस्थित रहीं।
