नौ दिनों तक घरों, मंदिरों में देवी का होगा जयकारा




मंदिरों में गूंजा जय जय कार हर घर बैठे कलश महारानी
सामूहिक शंखनाद कर नवसंवत्सर का स्वागत किया गया
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । आदि शक्ति मां भगवती के उपासना का पावन पर्व चैत्र नवरात्र शुरू हो गया। नौ दिनों तक घरों, मंदिरों में देवी का जयकारा होगा। शनिवार को विधिविधान से घट स्थापना के साथ अनुष्ठान पूजन किया गया। भक्तों में देवी को नारियल, चुनरी, फल, मिष्ठान, नैवेद्य अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। शक्तिपीठ अलोपशंकरी देवी, कल्याणी देवी और ललिता देवी में प्रथम शैलपुत्री का रत्नों और बहुरंगी पुष्पों से भव्य श्रृंगार किया गया। भक्तों ने दीप जलाकर श्रद्धा निवेदित की। शक्तिपीठ कल्याणी देवी में भोर में पट खुलने के बाद से दर्शन-पूजन शुरू हो गया। हाथ में प्रसाद लिए सैकड़ों भक्त आस्था, उल्लास के साथ मनोकामना पूर्ति के लिए मां भगवती की आराधना कर रहे हैं। मंदिरों में दुर्गा सप्तशती का पाठ और अनुष्ठान पूजन किया जा रहा है। अलोपशंकरी देवी में दर्शन-पूजन के साथ भक्त बच्चों का मुंडन संस्कार भी करवा रहे हैं। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर नवसंवत्सर 2079 का स्वागत किया गया। हिन्दू नववर्ष के स्वागत में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। सृजन सेवा संस्थान की ओर से शनिवार को भोर में पांच बजे सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर में सामूहिक शंखनाद कर नवसंवत्सर का स्वागत किया गया।


