राहत शिविर में बदहाली, पीड़ितों को नहीं मिल पा रहे खाने के पैकेट

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। बाढ़ की त्रासदी झेल रहे अनेक परिवारों ने राहत शिविरों में शरण ले रखी है। इन शिविरों में बदहाली का आलम है। बदबूदार कमरे इनकी परेशानी को और बढ़ा रहे हैं।
सदर बाजार के कैंट हाई स्कूल और विकर पब्लिक स्कूल में नेवादा, पत्रकार कालोनी, मऊ सरैया आदि कछारी इलाकों के सैंकड़ों परिवार ने शरण ले रखी है। सोमवार रात यहां कई लोगों को प्रशासन की तरफ से मुहैया कराया गए खाने के पैकेट नहीं मिल पाए। लोगों का कहना था, खाना तो आया लेकिन इसे वह लोग भी ले ले रहे हैं जो पीड़ित परिवार से मिलने के लिए आते हैं। कई लोगों ने शिविर प्रभारी से शिकायत की कि पीड़ितों से मिलने आये लोग खाना अपने बैग और झोले में लेकर बाहर ले जा रहे हैं, जिस कारण यह शरण लिए सभी परिवार तक भोजन नहीं पहुंच पा रहा है। प्रशासन ने खाने की जिम्मेदारी सैनिक स्वीट अशोक नगर को दी है, जहां से खाना बनकर पूरे शहर के राहत शिविरों में पहुंचाया जाता है। लोगों को खाना न मिलने पर दोबारा खाना मंगाया गया। राहत शिविर से सैनिक स्वीट की दूरी लगभग एक किलोमीटर होने के कारण रात 10 बजे लोगों तक खाना पहुंच गया। इसके अलावा लोगों ने शिविर के कई कमरों से बहुत बदबू आने की भी शिकायत की।



