सरकारी नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी
तीन बेरोजगार युवकों को लगाई चपत, जांच में जुटी पुलिस
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर तीन बेरोजगार युवकों से लाखों रुपयों की ठगी का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत भी पीडि़त लोगों की ओर से अफसरों से की गई है। पुलिस के अधिकारियों के निर्देश पर दो थानों की पुलिस को जांच के लिए लगाया गया है। इस मामले में जार्जटाउन और खीरी पुलिस जांच कर रही है।
खीरी थाना क्षेत्र के लालतारा सुरज कुमार केशरवानी, दिनेश कुमार केशरवानी व धर्म चंद्र केशरी को नौकरी की तलाश थी। इनका आरोप है कि 23 दिसंबर 2018 को अल्लापुर निवासी एक व्यक्ति ने ग्राम पंचायत अधिकारी पद पर सात लाख सत्तर हजार रुपये में नौकरी दिलाने की बात कही। उसने चार लाख रुपये ले भी लिया। आरोपित ने 13 जून 2019 को कहा कि आपकी नौकरी पक्की हो गई है। इसके बाद 17 जून 2019 नियुक्ति पत्र देने के लिए बुलाकर एक लाख पचास हजार रुपये लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र व पहचान पत्र दे दिया।
इसी दौरान धर्म चंद्र केशरी ने पिता से बताया कि उसको ग्राम विकास अधिकारी में नौकरी मिल गई है। इस खुशी में पिता ने जब कागजात देखा तो उन्हें इस धोखाधड़ी की जानकारी हुई। पीडि़त सुरज कुमार केशरवानी व अनीश कुमार केशरी विकास भवन पहुंच कर सच्चाई का पता लगाया तो घटना की जानकारी हुई। पीडि़त ने जब आरोपित से अपना पैसा वापस लौटाने के लिए कहा तो उसने जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष जार्जटाउन दिनेश कुमार मौर्या ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।




