FEATURED

यूपी बोर्ड की ढाई करोड कापियों का मूल्यांकन आज से

 

सवा लाख परीक्षक 15 दिन में पूरा करेगे मूल्यांकन

मूल्यांकन केन्द्रों पर मोबाइल प्रतिबंधित : अपर सचिव विनय कुमार गिल

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 23 अप्रैल से शुरू होगा। प्रदेश में मूल्यांकन के लिए 271 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 23 अप्रैल से 5 मई के बीच उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की करीब ढाई करोड उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सवा लाख से ज्यादा परीक्षक 15 दिन में पूरा करेंगे। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराये जाने की तैयारी की गई है। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 2022 की परीक्षाएं 24 मार्च से 12 अप्रैल के बीच आयोजित की गई थी। तीस मार्च को बलिया में इंटरमीडिएट का अंग्रेजी का पेपर आउट होने के बाद 24 जिलों में परीक्षा रद्द कर दी गई थी जिसके बाद यह परीक्षा 13 अप्रैल को कराई गई थी। इस तरह से बोर्ड परीक्षाएं 13 अप्रैल को समाप्त हुई है। इस बार यूपी बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज के अर्न्तगत आने वाले 23 जिलों में 75 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं।
यूपी बोर्ड के प्रयागराज क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सचिव विनय कुमार गिल के मुताबिक मूल्यांकन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मूल्यांकन शनिवार को सभी मूल्यांकन केन्द्रों पर सुबह 10 बजे से शुरु होकर शाम चार बजे तक चलेगा । अपर सचिव श्री गिल ने बताया कि मूल्यांकन केन्द्रों पर सभी तैयारियां पूरी हो गयी है। सभी जिलों के डीआईओएस और जेडी को मूल्यांकन से संबंधित निर्देश दिये दिये जा चुके है। उन्होंने कहा कि मूल्यांकन सीसीटीवी के साये में होगा। कहा कि मूल्यांकन के दौरान परीक्षक अपने साथ एंड्रॉयड मोबाइल नही ले जा सकेगे। अपर सचिव श्री गिल ने बताया कि मूल्यांकन केन्द्रों पर बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर सख्ती से प्रतिबंध है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व्यवस्थापक मूलभूत सुविधाओं-बिजली, पानी, पंखा और शौचालय पर विशेष ध्यान देगे जिससे कि परीक्षकों को कोई परेशानी न होने पाये। यूपी बोर्ड 2022 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की परीक्षा में कुल 5192689 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिनमें से 4775749 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। जबकि बोर्ड परीक्षा में 416940 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे थे। हाईस्कूल में कुल 2781654 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 2525007 परीक्षार्थी उपस्थित और 256647 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं इण्टरमीडिएट में कुल 2411035 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 2250742 परीक्षार्थी उपस्थित और 160293 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। यूपी बोर्ड की परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए कुल 148 परीक्षार्थी पकड़े गये। इसके साथ ही कुल 45 परीक्षार्थी दूसरे की जगह परीक्षा देते धरे गए। बोर्ड परीक्षा में 02 अनुचित साधन प्रयोग में, 01 प्रधानाचार्य, 01 केन्द्र व्यवस्थापक व 04 अन्य में से अब तक कुल 40 के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।

Related Articles

Back to top button