प्रदेशमेला समाचार

उचित दर विक्रेताओं का लाभांश बढ़ाने एवं सीएससी योजना का हुआ शुभारम्भ

 

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण

प्रयागराज (अनुरागदर्शन समाचार )। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गुरूवार को प्रदेश के समस्त उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक रूप से स्वावलम्बी बनाए जाने के उद्देश्य से उनका लाभांश बढ़ाने तथा उन्हें सीएससी के रूप में विकसित किए जाने हेतु योजना का शुभारम्भ किया। जिसका सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट परिसर स्थित संगम सभागार में किया गया। मुख्यमंत्री योगी ने अपने सम्बोधन में उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 70 रू0 प्रति कुंतल से बढ़ाकर 90 रू. प्रति कुंतल किए जाने की घोषणा की। साथ ही प्रदेश के उचित दर दुकानों को जन सुविधा केन्द्र के रूप में विकसित किए जाने की योजना का शुभारम्भ किया गया। इस सम्बन्ध में राज्य सरकार तथा सीएससी ई-गवर्नेन्स सर्विस इण्डिया लि0 के मध्य मेमोरैण्डम ऑफ अन्डरस्टैन्डिंग पर हस्ताक्षर भी किए गए। संगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर अभिलाषा गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कोटेदारों को आगे बढ़ाने तथा लाभांश बढ़ाने का कार्य बहुत ही सराहनीय है। कोटेदारों द्वारा कोविड में राशन वितरण का कार्य बहुत ही मजबूती के साथ किया गया। सीएससी से जोड़ने के बाद आप लोगों द्वारा पेंशन, बच्चों का एडमिशन सहित अन्य कार्य भी किए जा सकते हैं।
विधायक फाफामऊ विक्रमाजीत मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक रूप से स्वावलम्बी बनाए जाने के उद्देश्य से उनका लाभांश बढ़ाए जाने तथा उन्हें सीएससी के रूप में विकसित किए जाने हेतु शुरू की गयी यह योजना कोटेदारों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने कहा कि आज एक बहुत बड़ी शुरूआत होने जा रही है। आप लोगों द्वारा बायोमैट्रिक मशीन के माध्यम से राशन वितरण करके पहले से ही तकनीकि का बेहतर रूप से इस्तेमाल किया जा रहा है और आज जो सीएससी की नई शुरूआत हो रही है, उसमें भी आप लोग निःसंदेह बेहतरीन कार्य करेंगे। जिलाधिकारी ने कोटेदारों को इसके लिए शुभकामनाएं भी दी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्र0) हर्ष देव पाण्डेय, प्रयागराज मण्डल के संयुक्त आयुक्त (खाद्य) अमित कुमार मल्ल, जिला पूर्ति अधिकारी आनन्द कुमार सिंह, अभिषेक कुमार तिवारी सहित समस्त क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी एवं जनपद के विभिन्न तहसीलों एवं नगर क्षेत्र के प्रखण्डों के उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button