महिला अफसर को मंत्री ने भेजी रोमांटिक शायरी, खतरे में कुर्सी

चंडीगढ़। कैप्टन सरकार के एक मंत्री वरिष्ठ महिला आइएएस अधिकारी को लगातार उनके मोबाइल फोन पर गलत मैसेज भेजने के मामले में फंस गए हैं। मंत्री ने करीब डेढ़ माह भी पहले महिला अफसर को मैसेज भेजे थे। तब महिला ने मंत्री को ऐसा करने से मना किया, लेकिन वह नहीं माने। इस पर महिला अफसर ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह से शिकायत भी की थी।
मुख्यमंत्री ने मंत्री को फटकार भी लगाई और माफी भी मंगवाई थी। कैप्टन ने भी यह बात स्वीकार की है। तब यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया, लेकिन अब कुछ दिन पहले मंत्री ने फिर मैसेज भेज दिया। यह बात पार्टी हाईकमान तक भी पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री इस समय इजरायल की यात्रा पर हैं। उनके लौटने पर मंत्री के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।
मंत्री महिला अफसर को तब से परेशान कर रहे हैं, जब वह विधायक थे। महिला उन्हीं के क्षेत्र में एसडीएम थीं। वह महिला अफसर को रोमांटिक शायरी और उनकी खूबसूरती पर मैसेज भेजेते थे। मंत्री को कैबिनेट से बर्खास्त करने का दबाव बढ़ गया है। बुधवार को सारा दिन मुख्यमंत्री ऑफिस में इस मुद्दे को लेकर चर्चा गर्म रही। वहीं, अधिकारियों ने इस संबंध में एक मीटिंग भी की है। सूत्रों का कहना है कि इस मामले में महिला आइएएस अधिकारी को बुलाकर उनसे बात की जाएगी।
अपने विभाग में लाना चाहते थे मंत्री
महिला आइएएस अफसर आरोपित मंत्री के महकमे में काम नहीं करती हैं। वह किसी और महकमे में हैं। मंत्री उन्हें अपने महकमे में लाना चाहते थे, लेकिन महिला अफसर ने उनके साथ काम करने से मना कर दिया।
महिला अफसर ने कार्रवाई पर जताया था संतोष
कैप्टन विवाद बढ़ता देख बुधवार को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह ने एक बयान जारी कर कहा कि यह मामला कुछ हफ्ते पहले मेरे ध्यान में लाया गया था। इसे गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई भी की गई थी। मंत्री को फटकार लगाने के अलावा माफी भी मंगवाई गई थी। महिला अधिकारी ने कार्रवाई पर संतोष जाहिर किया था। हालांकि, मुख्यमंत्री ने मंत्री का नाम उजागर नहीं किया।
पुलिस में शिकायत करने से रोका
महिला आइएएस अफसर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाना चाहती थीं, लेकिन फिलहाल उन्हें ऐसा करने से रोक दिया गया, क्योंकि कैप्टन विदेश में हैं। सरकार के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि इस तरह की हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। महिला अधिकारी इस पर कुछ भी बोलने को राजी नहीं हैं।


