एएमए मातृ दिवस पर करेगा बृहद रक्तदान शिविर का आयोजन
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार ) इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन की तरफ से 08 मई यानि रविवार को मातृ दिवस (मदर्स डे) के अवसर पर वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया जायेगा। ए0एम0ए0सी0सी0 (निकट पुलिस लाइन) पर सुबह 08 बजे से रात्रि 08 बजे तक आयोजन किया गया है। जिसका विषय है ‘‘लाल -ये रंग नही ये जीवन है’’ और माताओं के समर्पित है। एक बोतल रक्तदान कर तीन जिन्दगियां बचायी जा सकती हैं।
एएमए के जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि इस वृहद रक्तदान कार्यक्रम का उद्घाटन मण्डलायुक्त प्रयागराज संजय गोयल, अध्यक्ष इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन डॉ0 सुजीत सिंह एवं सीएमओ डॉ0 नानक सरन द्वारा सुबह 8 बजे किया जायेगा। कार्यक्रम का पर्यवेक्षण चेयरमैन इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन ब्लडबैंक डॉ0 अशोक अग्रवाल एवं कार्यक्रम का संचालन प्रेसीडेन्ट इलेक्ट डॉ0 सुबोध जैन द्वारा किया जायेगा। इस कार्यक्रम को मिन्ट इवेन्टस के सहयोग से किया जायेगा।
ज्ञात हो कि इसी दिन विश्व थैलेसीमिया दिवस भी है। ए0एम0ए0सी0सी0 से प्रातः 06 बजे साइकिल रैली के माध्यम से थैलेसीमिया रोग के प्रति लोगो में पूरे शहर में भ्रमण कर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया है। थेलेसीमिया एक अनुवांशिक रोग है। जो बच्चों को माता-पिता से वंशानुगति प्राप्त होता है और इससे पीडि़त मरीज सदैव एनेमिया से ग्रसित रहते हैं। यदि परिवार में माता-पिता में एनेमिया के लक्षण रहे हों तो गर्भस्थ शिशु में भी जांच कराकर इस रोग का पता लगाया जा सकता है। इस गम्भीर रोग से पीडि़त मरीज की आयु 15-18 वर्ष से ज्यादा नहीं होती है। हल्के और मध्यम लक्षण के मरीज का सही समय पर जांच, इलाज व सावधानी बरत कर सामान्य लम्बा जीवन जी सकते हैं।


