कुंभ

रामकथा संकट की घड़ी के लिए है संजीवनी: मुख्यमंत्री

प्रभु श्रीराम की कथा भारत के प्रत्येक परिवार का दर्पण

दिसम्बर माह तक बुन्देलखण्ड के प्रत्येक घर में पहुंचेगा शुद्ध पेयजल

*प्रत्येक व्यक्ति को सरकार की योजनाओं का समान रुप से लाभ मिलना ही रामराज्य है*

( अनुराग शुक्ला )
ललितपुर ( अनुराग दर्शन समाचार )। मुख्यमंत्री उ.प्र.शासन योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय मण्डलीय भ्रमण कार्यक्रम के दौरान जनपद ललितपुर में पूज्य संत मोरारी बापू की रामकथा में प्रतिभाग किया। श्रीरामकथा स्थल चौकाबाग, ललितपुर पहुंचने पर महामंडलेश्वर सतुआ बाबा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके उपरान्त मोरारी बापू के द्वारा मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर मोरारी बापू के द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीरामचन्द्र के चरित्र का सुंदर वर्णन किया जा रहा था। मौके पर मुख्यमंत्री सहित सभी जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने रामकथा का श्रवणपान किया। श्रीरामकथा के समापन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 9 दिनों से आप सभी ने प्रभु श्रीराम की इस रामकथा के श्रवण का आनंद मोरारी बापू के श्रीमुख से लिया हैै। बुन्देलखण्ड भक्ति और शक्ति का संगम है। प्रभु श्रीराम अपने वनवासकाल का अधिकांश समय इस बुन्देलखण्ड की धरती पर व्यतीत किया है। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम जी की कथा वास्तव में भारत के प्रत्येक परिवार का दर्पण है। यह कथा हमें जीवन जीने की एक नई प्रेरणा एवं संकट के समय में बड़ी-बड़ी कठनाईयों का सामना करने की शक्ति भी प्रदान करती है। देश के भीतर विपरीत परिस्थितियों में प्रभु श्रीराम कथा और व्यासपीठ ने हम सभी को शक्ति प्रदान करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह भगवान राम की ही कृपा है जो रामकथा एवं रामचरितमानस के माध्यम से पूज्य बापूजी के द्वारा पहुंचाई जा रही है। बापूजी की कथा आज ललितपुर में विश्राम ले रही है, इसका स्पष्ट अर्थ है कि भगवान राम का मंदिर शीघ्र ही बनने वाला है, उन्होंने कहा कि यह मंदिर सभी के लिए होगा। उन्होंने कहा कि भारत के अंदर आदर्श व्यवस्था बन रही है, इसके तहत सरकार के द्वारा बिना किसी भेदभाव के गरीबों के लिए नि:शुल्क योजनाएं संचालित की जा रही हैं, वास्तव में यही रामराज्य है। हर घर जल योजना के तहत दिसम्बर माह तक बुन्देलखण्ड के प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शीघ्र ही भारत का नौजवान सीमा पर जो तोप लेकर जाएगा वह भी बुन्देलखण्ड की धरती पर बने डिफेंस कोरिडोर की होगी। भगवान राम ने उस समय बंदर और भालू की सेना खड़ी करके रावण के विशाल साम्राज्य का वरण किया था। भारत के भीतर बिना भेदभाव के प्रत्येक व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिये जाने का कार्य किया जा रहा है। सदी की सबसे भयंकर आपदा कोरोना के दौरान सरकार द्वारा बिना भेदभाव के सभी को नि:शुल्क जांच, नि:शुल्क वैक्सीन व नि:शुल्क राशन उपलब्ध कराया गया है। ललितपुर वाले सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें बापू की कथा का अमृतरस प्राप्त करने मिला है। इसके साथ ही आज मुझे भी कथा के समापन अवसर पर सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। आप सभी को इस पूरी कथा के साथ-साथ इस कथा का लाभकारी फल भी प्राप्त हो, यही मेरी प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री एवं अन्य मंचासीन जनप्रतिनिधियों ने विधिविधानपूवर्क पूजाअर्चन एवं आरती कर रामकथा का समापन कराया।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button