कोरोना से मृत लोगों के परिजनों को पट्टा वितरण में दी जायेगी वरीयता- प्रभाकर सिंह

( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना वायरस महामारी से जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिजनों को आवासीय व कृषि योग्य जमीन का पट्टा देने में सर्वप्रथम वरीयता प्रदान की जायेगी। उक्त बातें रविवार को भगवतपुर गांव में शिकायत के निस्तारण हेतु पैमाइश करने गये लेखपाल प्रभाकर सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी के चलते काल की गाल में समाये लोगों के परिजनों को सरकार द्वारा जारी प्रत्येक सुविधाओं का लाभ प्रदान किया जायेगा। आगे उन्होंने बताया कि जिस किसी व्यक्ति का वसीयत न दर्ज हुई हो वह आवश्यक कागजात जमा कर आसानी से दर्ज करवा सकता है। बता दें कि भगवतपुर गांव में अतिचारियों द्वारा मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण कर पिलर बना लिया गया है। जिससे दर्जनों गांव के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इतना ही नहीं दबंग ने विद्युत पोल जो कि बाउंड्रीवाल के बाहर था उसे भी अंदर कर लिया है। इस मामले में गांव के ही श्यामू मिश्रा पुत्र जीत नारायण मिश्रा ने दबंग अतिचारियों द्वारा मुख्य मार्ग पर जबरन गेट लगा लेने व संपर्क मार्ग में अतिक्रमण किये जाने को लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर समस्या का समाधान कराये जाने की मांग किया था। जिसे संज्ञान में लेकर राजस्व विभाग ने हल्का लेखपाल प्रभाकर सिंह को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है। हल्का लेखपाल ने बताया कि मौके का निरीक्षण कर लिया गया है, रिपोर्ट विभाग को जल्द ही सौंप दी जायेगी। निरीक्षण के दौरान जीत नारायण मिश्रा, कालिका प्रसाद दुबे, राज कुमार दुबे, मुन्ना मिश्रा, संजय पाण्डेय, कामू आदि लोग मौजूद रहे।

