नैनी सेंट्रल जेल में जम्मू-कश्मीर के 44 कैदियों को किया शिफ्ट

सुरक्षा को देखते हुए कैदियों को रखा हाईसिक्योरिटी सेल में
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। नैनी सेंट्रल जेल में जम्मू-कश्मीर के 44 कैदियों को शिफ्ट किया गया है। बंदियों में कुछ ऐसे भी हैं जो सेना पर पथराव व हमले के मामले में गिरफ्तार किए गए थे। इन कैदियों को लेकर वायुसेना का स्पेशल प्लेन शनिवार को लगभग 5 बजे प्रयागराज पहुंचा।वायुसेना एयरपोर्ट बमरौली से कड़ी सुरक्षा के बीच सभी को प्रिजन वैन से नैनी सेंट्रल जेल लाया गया। इनकी सुरक्षा में जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान भी तैनात रहे। सुरक्षा को देखते हुए कैदियों को हाईसिक्योरिटी सेल में रखा गया है।प्रयागराज जोन के एडीजी प्रेम प्रकाश ने बताया कि स्पेशल फ्लाइट से कैदियों को प्रयागराज लाया गया है। सुरक्षा के लिहाज से जिन सड़कों से प्रिजन वैन गुजरी, वहां फोर्स तैनात रही। कैदियों को अलग-अलग हाईसिक्योरिटी बैरक में रखा गया है। नैनी सेंट्रल जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक पीएन पांडेय ने बताया कि जेल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पीएसी भी तैनात की गई है।जम्मू-कश्मीर के 44 बंदी प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जेलों में बंद थे। इनमें से कुछ जम्मू एंड कश्मीर पब्लिक सेफ्टी एक्ट, 1978 जबकि शेष अलग-अलग आरोपों में जेल में बंद किए गए थे। इनमें से कुछ ऐसे भी हैं जो सेना पर पथराव व हमले के मामले में गिरफ्तार किए गए थे।जेल सूत्रों के मुताबिक कैदियों में से अधिकतर आतंकियों के पनाहगार रहे हैं। कुछ पर आतंकियों से कनेक्शन में कार्रवाई की गई है। इन सभी पर देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने का भी आरोप है।



