देश

गिरोह के खुलासे पर एक तरफ ईनाम

 

दूसरी ओर प्रभारी निरीक्षक समेत पांच निलम्बित

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने अन्तरराज्यीय गिरोह के खुलासे के दौरान नैनी कोतवाली पुलिस की लापरवाही प्रकाश में आने के बाद थाना प्रभारी समेत कुल 05 पुलिसकर्मियों को निलम्बित किया गया। जांच के दौरान पुलिस कर्मियों की भूमिका लापरवाही का पाया गया है। उक्त जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान जानकारी मिली कि 12 मई को होटल कान्हा श्याम में सगाई के दौरान चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का सरगना जैकी कुमार सांसी अपने गिरोह के साथ बीते दस महीने से नैनी के चकरघुनाथ निवासी भूपेंद्र सिंह उर्फ पंकज और रामू पटेल के घर रहता था। लेकिन स्थानीय पुलिस टीम को जानकारी क्यों नहीं मिल पाई थी। जबकि गिरोह में सक्रिय पंकज सिंह सट्टेबाज है और उसके खिलाफ नैनी थाने में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में लापरवाही करने के आरोप में थाना प्रभारी नैनी निरीक्षक कुशलपाल सिंह, उपनिरीक्षक आशीष यादव, उपनिरीक्षक यश करन यादव, बीट आरक्षी अजीत प्रजापति एवं मिश्री लाल को निलम्बित कर दिया गया।
एसएसपी ने पुलिस कर्मियों दी चेतावनी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी देते हुए कहा है कि सरकारी कार्यों में जान बूझकर लापरवाही करने वाले, जनता से ख़राब व्यवहार करने वाले, भ्रष्टाचारी, कदाचारी, अपराधियों, दबंगों, जुआरियों, सट्टेबाज़ों तथा दलालों से साठ-गाँठ रखने वाले पुलिसकर्मियों को किसी भी सूरत में क़तई बख़्शा नहीं जायेगा।

Related Articles

Back to top button