Latestदेशप्रदेश

प्रयागराज में पीएम मोदी के सभास्थल को लेकर अब फंसा पेंच

प्रयागराज : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभास्थल को लेकर अब पेच फंस गया है। प्रशासन के प्रस्तावित सभास्थल पर पार्टी राजी नहीं है। जबकि पार्टी जहां चाहती है वहां प्रशासन सभा कराने में सक्षम नहीं है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुंभ की तैयारियों का जायजा लेने प्रयागराज आने वाले हैं। वह कुंभ के स्थायी कार्यों का लोकार्पण और कई बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास भी कर सकते हैं। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं। दरअसल, अभी सभास्थल को लेकर पेच फंसा है, क्योंकि सभा में लगभग एक लाख की भीड़ का लक्ष्य है। ऐसे में बड़े सभास्थल की खोज की जा रही है। प्रशासन ने प्रधानमंत्री की सभा नैनी स्थित सरस्वती हाईटेक सिटी में कराने का प्रस्ताव दिया है, लेकिन पार्टी पदाधिकारी कुंभ मेला क्षेत्र अथवा शहर में सभा कराने पर जोर दे रहे हैं।

संसदीय कार्य एवं नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने शनिवार को पार्टी पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों को मिलकर सभा स्थल तय करने की सलाह दी। कुंभ के कार्यों के निरीक्षण के दौरान जब नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना नैनी गए तो वहां पर प्रधानमंत्री मोदी के सभास्थल को लेकर चर्चा हुई।

पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि वह चाहते हैं कि कुंभ मेला क्षेत्र में ही सभा हो मगर वहां विद्युत पोल व अन्य विकास कार्य होने के कारण अब मुश्किल है। पार्टी पदाधिकारियों ने भारत स्काउट एंड गाइड इंटर कॉलेज समेत शहर के अन्य स्थलों का प्रस्ताव भी दिया है। भारत स्काउट गाइड इंटर कॉलेज को लेकर अधिकारियों ने कहा कि वहां पर पॉर्किंग से लेकर अन्य चीजों की दिक्कत आएगी।

सरस्वती हाईटेक सिटी में कार्यक्रम इसलिए कराने की योजना है, क्योंकि यहां पर प्रदर्शनी भी लग सकेगी। कई योजनाओं के बारे में भी लोगों को जानकारी हो जाएगी। इसके साथ ही हाईटेक सिटी के काम को भी गति मिलेगी, जो धीमा चल रहा है। भारत स्काउट एंड गाइड में प्रदर्शनी लगाने की जगह भी नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब अंतिम बार संगम नगरी आए थे तो उनकी सभा परेड मैदान पर हुई थी। कुंभ मेले के कारण परेड मैदान में कहीं जगह खाली नहीं है।

सात को प्रस्तावित है कार्यक्रम :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा सात दिसंबर को प्रस्तावित है। हालांकि अभी यह तिथि फाइनल नहीं है, क्योंकि पीएमओ की टीम भी आएगी, जो पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तय करेगी। इसके बाद ही तारीख फाइनल होगी।

मंत्री ने दी मुख्यमंत्री को रिपोर्ट :

नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने शनिवार को कुंभ के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। साथ ही समीक्षा बैठक भी की। इसकी रिपोर्ट उन्होंने मुख्यमंत्री को दे दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button