UK PM बोरिस जॉनसन की हालत बिगड़ी, सांस लेने में दिक्कत के बाद आईसीयू में किया गया शिफ्ट
लंदन। ब्रिटेन के प्रधान मंत्री बोरिस जॉनसन की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें इंटेंसिव केयर यूनिट में शिफ्ट किया गया है। जॉनसन के कार्यालय ने यह जानकारी दी। पीएमओ से मिली जानकारी के मुताबिक पीएम को हर बेहतर इलाज मुहैया करवाया जा रहा है। उन्हें आईसीयू में शिफ्ट करने की जानकारी महारानी को भी दे दी गई है। आपको बता दें कि उन्हें रविवार शाम को सेंट थॉमस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीबीसी के मुताबिक जॉनसन को सांस में लेने की तकलीफ के चलते ये कदम उठाया गया है। आईसीयू में शिफ्ट करने से पहले सोमवाद दोपहर को उन्हें ऑक्सीजन लगाई गई थी। हालांकि एक सुखद खबर ये है कि उन्हें वेंटिलेटर नहीं लगाया गया है।
डॉक्टरों के मुताबिक वो होश में हैं लेकिन उनकी हालत दोपहर बाद से ठीक नहीं है। उनके मुताबिक एहतियात के तौर पर जॉनसन को आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। हालांकि डॉक्टरों ने इस बात से भी इनकार नहीं किया है कि जरूरत पड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर भी रखा जा सकता है।



