Latest

प्रयागराज में कोरोना के 475 नए संक्रमित सामने आए 3 कोरोना मरीजों की मौत

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना वायरस एक बार फिर चिंताएं बढ़ा रहा है। रविवार को 475 नए संक्रमित मिले हैं और सबसे चिंतनीय यह है कि तीन लोगों की मौत भी हो गई। कोरोना की दूसरी लहर में प्रयागराज में एक ही दिन में तीन मौत पहली बार हुई है। वहीं लेवल थ्री कोविड अस्पताल के सभी वार्ड भी फुल होने की स्थिति में आ चुके हैं। शनिवार शाम तक यहां 294 मरीज भर्ती रहे, जबकि पूरा अस्पताल ही 200 बेड का है। जिलाधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों और सरकारी अस्पतालों के मुख्य व प्रमुख चिकित्साधीक्षकों के साथ बैठक कर कोरोना जांच और उपचार पर मंथन किया। सीएमओ कार्यालय से जारी सूचना में बताया गया है कि लेवल थ्री कोविड अस्पताल से सात और होम आइसोलेशन से 21 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए हैं। 7401 लोगों के नमूने लेकर जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं। कोरोना संक्रमण के बिगड़ते हालात और संक्रमितों की संख्या तेजी से बढने के चलते कालिंदीपुरम में लेवल वन श्रेणी का अस्पताल भी संचालित करने की तैयारी चल रही है। यहां पहले जैसा ही अस्थाई अस्पताल खोला जाएगा, जिसमें अलक्षणीय मरीज भर्ती किए जाएंगे। कोरोना संक्रमितों को भर्ती करने के लिए स्वास्थ्य विभाग अपनी तैयारी में तो जुटा है लेकिन, जिस तरह से संक्रमितों की संख्या काफी तेज बढ़ रही है उससे मरीजों को होम आइसोलेशन की अनुमति देना भी अब जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के लिए कठिन होगा। क्योंकि इसमें जिन शर्तों का पालन जरूरी है तमाम घरों में उसकी सुविधा ही नहीं है।

Related Articles

Back to top button