जनपद प्रयागराज में नौ लाख लोगों को अभ्यास कराने का लक्ष्य
*जिलाधिकारी ने योग दिवस के तैयारियों की समीक्षा कर दिया निर्देश
14 जून कम्पनी बाग में योगाभ्यास, 21 जून को मुख्य कार्यक्रम संगम क्षेत्र में
प्रयागराज( अनुराग दर्शन समाचार )। जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री की अध्यक्षता में 21 जून को आयोजित होने वाले आठवें अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के सम्बंध में सोमवार को संगम सभागार में समीक्षा बैठक की गयी। बैठक में बताया गया कि जनपद प्रयागराज में कुल 09 लाख लोगों को योग से जोड़ने एवं भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराये जाने का लक्ष्य प्रस्तावित है। बैठक में बताया गया कि 14 से 21 जून तक नियमित रूप से योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया जायेगा। 14 जून को चन्द्रशेखर आजाद पार्क में प्रातःकाल 7 बजे योगाभ्यास का कार्यक्रम आयोजित है। जिसमें जनप्रतिनिधिगण, सभी अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा आमजन प्रतिभाग करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि 14 से 21 जून तक प्रत्येक ग्राम पंचायतों, न्याय पंचायतों, स्थानीय निकायों एवं नगर निगम के प्रत्येक वार्डों में नियमित रूप से योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया जायेगा। यह भी कहा कि आयोजित योगा कार्यक्रम के तहत योग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति आयुष कवच पर योग करते हुए अपना फोटो अवश्य अपलोड करें। 21 जून को योग दिवस पर मुख्य कार्यक्रम संगम क्षेत्र में आयोजित किया जायेगा। बैठक में जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, नगर निगम, अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायतों को 14 से 21 जून तक आयोजित किए जाने वाले योगाभ्यास कार्यक्रम के सम्पादन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया है। कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए विभिन्न अधिकारियों के दायित्व भी निर्धारित किए गए हैं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शिपू गिरि, मुख्य चिकित्साधिकारी नानक सरन, आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ शारदा प्रसाद सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।




