शांतिपूर्वक अदा हुई जुमे की नमाज
शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में अलर्ट रही पुलिस फोर्स, सोशल मीडिया पर भी नजर
प्रयागराज ( अनुरागदर्शन समाचार ) । प्रयागराज के अटाला में १० जून को जुमे के नमाज के बाद बवाल हो गया था, इसके बाद अब ३ जुमा भी शांतिपूर्ण ढंग से बीत गया, वहीं राजस्थान के उदयपुर में हुई घटना और जुमा को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क रही। पुराने शहर में पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री का पहरा है। चौक जामा मस्जिद समेत शहर की सभी बड़ी मस्जिदों के आसपास फोर्स की तैनाती रही। पुलिस अधिकारी पेश इमामों, मस्जिद कमेटियों के संपर्क में रहे। खासतौर से सोशल मीडिया पर निगरानी की जा रही है ताकि धार्मिक टिप्पणी कर माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई की जा सके। रैली, जुलूस पर पुलिस ने रोक लगाई है। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस फोर्स तैनात किया गया हे।
जुमे की नमाज को देखते हुए प्रयागराज के संवेदनशील इलाकों को दो जोन और ६ सेक्टरों में बांटा गया है। सभी में जोनल मजिस्ट्रेट और क्षेत्रों में सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। एडीएम सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर के साथ ही सभी के एसीएम लगाए गए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। खुराफाती लोगों पर ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है। गौरतलब है कि १० जून के बाद हुए बवाल के बाद से अब तक २ जुमा शांतिपूर्ण ढंग से बीत चुका है। शांति के साथ नमाज हो और कोई अप्रिय घटना न हो, इसको देखते हुए खुल्दाबाद, अटाला, मुस्तफा काम्पलेक्स, करेली, नुरुल्ला रोड आदि जगहों पर फोर्स तैनात की गई है।



