Latest

बच्चे पहुंचे स्कूल, टीचरों को कमी बताकर लौटाया

 

अभिभावकों ने जमकर किया हंगामा, वापस मांगी फीस

विकर पब्लिक स्कूल सदर बाज़ार का हाल

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। इलाहाबाद कैंटोनमेंट बोर्ड (छावनी परिषद) द्वारा संचालित विकर पब्लिक जूनियर हाई स्कूल सदर बाज़ार में सोमवार को स्कूल पहुंचे बच्चों को टीचर्स की कमी का हवाला देकर बैरंग लौटा दिया गया। इस बात को लेकर अभिभावकों ने जमकर हंगामा किया।
बोर्ड की तरफ से सदर बाज़ार में हिंदी माध्यम कैंट जूनियर हाई स्कूल और अंग्रेजी माध्यम विकर पब्लिक स्कूल का संचालन होता है। विकर पब्लिक स्कूल में इस साल अप्रैल माह से यूकेजी और एलकेजी का नया सत्र शुरू हुआ था। दो दिन बाद ही स्कूल भीषण गर्मी के कारण बंद कर दिया गया। यूकेजी और एलकेजी के बच्चों के अभिभावकों को पहले एक जुलाई से स्कूल खुलने का मैसेज भेजा गया। 30 जून को दोबारा मैसेज आया कि दोनों कक्षाएं अब चार जुलाई से चलेंगी। एक जुलाई से कक्षा 1 से 8 तक के बच्चे आएंगे। चार जुलाई को जब यूकेजी और एलकेजी के बच्चों के अलावा कक्षा 1 से 5 तक के बच्चे पहुंचे तो उन्हें गेट से ही लौटा दिया गया। अधिकांश कक्षाओं में ताले लगे थे। अभिभावकों ने कारण पूछा तो स्कूल की तरफ से बताया गया कि टीचरों की कमी है। जब तक टीचर नहीं आ जाते तब तक ऐसा चलेगा। इसके लिए उन्होंने एक सप्ताह का समय मांगा। नाराज़ अभिभावकों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया और आरोप लगाया कि पिछले साल भी कुछ माह पढ़ाया गया और बच्चों को पास कर दिया गया। इस बार भी ऐसा ही हो रहा है। कई अभिभावकों ने बच्चों का नाम कटवाने की बात कहते हुए फीस वापस करने की मांग की है।
स्कूल की सूचना के बने यूकेजी और एलकेजी व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन वीडी शुक्ला ने ग्रुप में जानकारी देकर बताया की बोर्ड की प्रक्रिया प्रगति पर है, शीघ्र ही सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलेंगी।

Related Articles

Back to top button