तीर्थयात्री कृपया ध्यान देंः समूचे ब्रज में है भीड़ का दबाव, ट्रैफिक प्लान से रहें अपडेट

गिरिराज जी की परिक्रमा कर बांकेबिहारी के दर्शनों को पहुंच रहे श्रद्धालु
वृंदावन में 15 जुलाई तक लागू रहेगी नई यातायात व्यवस्था
मथुरा ( अनुराग दर्शन समाचार ) मुड़िया पूर्णिमा मेला के दौरान गोवर्धन में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ रही है। सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग और गोवर्धन कस्बे तथा आसपास के क्षेत्रों में भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भीड़ का दबाव सिर्फ गोवर्धन में ही नहीं है, पूरे जनपद में इस समय श्रद्धालुओं का आवागमन हो रहा है। गोवर्धन के बाद सबसे ज्यादा तीर्थ यात्रियों की भीड़ वृंदावन में देखने को मिल रही है। राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला के अवसर पर समस्त भारत तथा विश्व से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, बड़ी संख्या में श्रद्धालु गिरिराज जी की परिक्रमा करने के पश्चात ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन करके ही वापस जाते हैं। इस अवसर को मद्देनजर रखते हुए 10 जुलाई से 15 जुलाई तक छह दिन के लिए कस्बा वृन्दावन की यातायात व्यवस्था में बड़े पैमाने पर बदलाव किया गया है। वृंदावन की यातायात व्यवस्था में ई रिक्शा महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं। अटल्ला चुंगी के पास वासुदेव पार्किंग तथा जादौन पार्किंग को ई रिक्शा स्टैंड बनाया गया है। सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कस्बा वृन्दावन में कोई भी भारी, कमर्शियल वाहन प्रवेश नहीं करेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सिर्फ ई-रिक्शा का संचालन होगा। जबकि स्थानीय निवासी अपना स्थानीय पहचान पत्र दिखाकर अपने निवास को जा सकते हैं। आपातकालीन वाहनों को प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है। कस्बा वृन्दावन में ई रिक्शा तथा छोटे ऑटो (थ्री व्हीलर) का संचालन हो रहा है जबकि बड़े ऑटो का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है।
*श्रद्धालु यहां खड़े कर सकते हैं अपने वाहन*
यमुना एक्सप्रेस वे से वृन्दावन आने वाले वाहनों को खडा करने के लिए दारुक पार्किंग तथा टीएफसी मैदान पार्किंग में व्यवस्था की गई है। दोनों पार्किंग भर जाने की स्थिति में इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टैंड पार्किंग तथा मंडी समिति पार्किंग का उपयोग किया जाएगा। वहीं मथुरा की ओर से वृन्दावन को आने वाले वाहनों के लिए टीएफसी पार्किंग के साथ ही चौहान पार्किंग में व्यवस्था की गई है। एनएच टू छटीकरा से वृंदावन आने वाले वाहनों की संख्या बहुत ज्यादा रहती है। इनके लिए माता वैष्णों देवी मंदिर के सामने पार्किंग एक में बड़े वाहन खडे कराए जा रहे हैं, जबकि माता वैष्णो देवी मंदिर के सामने पार्किंग दो व माता वैष्णो देवी मंदिर के बराबर में पार्किंग तीन में भी बडे वाहनों को खड़ा कराया जा रहा है। इसके अलावा मल्टीलेबल पार्किंग तथा अन्नपूर्णा पार्किंग में भी वाहन खडे किए जा सकते हैं। इन पार्किंग स्थलों के भर जाने की स्थिति में रॉयल भारती मोड़ पर्किंग तथा माता वैष्णो देवी मंदिर के बराबर में बनी पार्किंग का उपयोग किया जाएगा। सुनरख रोड की ओर से आने वाले वाहन प्रेम मंदिर के पीछे सुनरख रोड पर छः शिखर तिराहे के दोनों तरफ खाली स्थान पर तथा आवश्यकता पड़ने पर हरे कृष्णा ऑर्चिड के सामने पार्किंग में वाहन खडे कराए जाएंगे।
*इन रूटों पर यातायात डायवर्ट किया गया है*
यमुना एक्सप्रेस वे से वृंदावन होते हुए एनएच टू को जाने वाले सभी भारी वाहन यमुना एक्सप्रेस वे से राया कट से उतर कर लक्ष्मी नगर से गोकुल बैराज से टाउनशिप होते हुए एनएच टू को जाएंगे। इसी प्रकार एनएच टू छटीकरा से वृंदावन होते हुए यमुना एक्सप्रेस वे को जाने वाले भारी वाहन टाउनशिप से गोकुल बैराज से लक्ष्मी नगर होते हुए यमुना एक्सप्रेस वे को जाएंगे।
*इन मार्गों पर यातायात पूर्णतः प्रतिबंधित है*
छटीकरा वृंदावन मार्ग पर मल्टीलेबल पार्किंग स्थल से आगे कोई वाहन नहीं जा रहा है। मथुरा वृंदावन मार्ग पर सौ सैया अस्पताल से आगे सभी प्रकार के वाहन प्रतिबन्धित कर दिए गए हैं। वहीं यमुना एक्सप्रेस वे से वृन्दावन आने वाले वाहन दरुख पार्किंग से आगे नहीं जाने दिए जा रहे हैं। पानी घाट तिराहे से सभी प्रकार के चार पहिया वाहन परिक्रमा मार्ग में प्रतिबंधित हैं। चामुंडा कट से सभी प्रकार के चार पहिया वाहनों को आने नहीं बढ़ने दिया जा रहा है। कैलाश नगर मोड़ से सभी प्रकार के चार पहिया वाहन प्रतिबंधित हैं और सुनरख रोड की ओर से वृन्दावन में आने वाले चार पहिया वाहन छः शिखर तिराहे से आगे नहीं जा पा रहे हैं इन्हें यहीं रोक दिया गया है।



