प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में छह हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी

कार्यक्रम में आने वाली महिलाओं की सुरक्षा का विशेष प्रबंध- डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 दिसंबर के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए एसपीजी ने सुरक्षा की कमान संभाल ली है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था में छह हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने बताया कि यूपी के कई जिलों से फोर्स मांगी गई है। लगभग तीन लाख लोगों के आने की संभावना है। कार्यक्रम में आने वाली महिलाओं की सुरक्षा का विशेष प्रबंध किया गया है। हर बस में दो महिला सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। जहां पर महिलाएं रुकेंगी, वहां भी महिला सिपाही मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम स्थल के आसपास भी ज्यादा से ज्यादा महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। शुक्रवार को डीआईजी ने परेड मैदान से लेकर पार्किंग का इंतजाम देखा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का पुख्ता इंतजाम किया जा रहा है। पार्किंग स्थल पर भी जांच की जाएगी। बम निरोधक दस्ता और खोजी कुत्ता की मदद से छानबीन चल रही है।


