राम मंदिर के निर्माण को लेकर सरकार बना सकती है कानून

वेब डेस्क। राम मंदिर निर्माण को लेकर जतीपुरा परिक्रमा मार्ग शंकराचार्य आश्रम पहुंचे राम शंकर कठेरिया ने मंदिर निर्माण को लेकर गोवर्धन पुरी पीठाधीश्वर अद्योक्षजानंद देवतीर्थ महाराज से विस्तार से चर्चा की।
गोवर्धन पुरी पीठाधीश्वर अद्योक्षजानंद देव तीर्थ महाराज ने कहा कि हिन्दुवादी सरकार से राम मंदिर के निर्माण को लेकर उम्मीद है। अब इस उम्मीद की तरंगे उठ रही हैं। सरकार को गाय, गंगा और गीता की रक्षा करनी चाहिए। अब राम मंदिर के निर्माण को लेकर कानून की बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पूर्ण बहुमत से पहली बार हिंदुवादी सरकार आई है। इस सरकार को गाय, गंगा और गीता की रक्षा करनी होगी।
सरकार जल्द ही संसद में कानून बनाकर राम मंदिर का निर्माण कराये। यह आवाज पूरे देश के संतों और हिन्दु धर्म को मानने वालों की है। वहीं आश्रम में पहुंचे केन्द्र सरकार के एससी आयोग के अध्यक्ष रमाशंकर कठेरिया ने कहा कि राम मंदिर सिर्फ आस्था का नहीं है बल्कि हमारी श्रद्धा और विश्वास से जुड़ा है।
देश का हिन्दु धर्म को मानने वाला प्रत्येक नागरिक चाहता है कि राम जी का मंदिर बने। केन्द्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के सम्मान की मर्यादा का पालन किया है। देश की जनता को उम्मीद है कि समय से मंदिर का निर्माण होना चाहिए। इसके लिए कोर्ट का इंतजार हो रहा था लेकिन अब संसद में कानून बनाने की बात चल रही है। उन्होंने कहा कि देश प्रत्येक तबका राम मंदिर बनाने के पक्ष में हैं। सुप्रीम कोर्ट के सम्मान की एक मर्यादा होती है इसलिए अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को लेकर इंतजार किया गया लेकिन मंदिर को बनाने के लिए संसद का भी साहरा लिया जा सकता है इसके लिए बातचीत चल रही हैं। इस सबका निर्णय नेतृत्व को करना होता है। जल्द ही शीर्ष नेतृत्व फैसला लेगा और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा।
तीन राज्यों में चुनाव से राम मंदिर की बात जोड़ना गलता है। इससे पहले भाजपा ने अन्य प्रांतों में विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ा है और बहुमत के साथ जीते हैं। आने वाले देश के तीन राज्य मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ और राजस्थान में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे। इसके बाद कठेरिया ने मंदिर निर्माण के मुद्दे को लेकर गोवर्धन पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य अद्योक्षजानंद देव तीर्थ महाराज से चर्चा की।




